Edinbox Hindi
14 वर्षीय भारतीय मूल के श्रेय पारिख बने स्क्रिप्स नेशनल स्पेलिंग बी 2026 के विजेता, जीते 41 लाख रुपये से ज्यादा

14 वर्षीय भारतीय मूल के श्रेय पारिख बने स्क्रिप्स नेशनल स्पेलिंग बी 2026 के विजेता, जीते 41 लाख रुपये से ज्यादा

14 वर्षीय भारतीय मूल के श्रेय पारिख बने स्क्रिप्स नेशनल स्पेलिंग बी 2026 के विजेता, जीते 41 लाख रुपये से ज्यादा

अमेरिका में आयोजित दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित स्पेलिंग प्रतियोगिताओं में से एक स्क्रिप्स नेशनल स्पेलिंग बी 2026 (Scripps National Spelling Bee 2026) का खिताब भारतीय मूल के 14 वर्षीय छात्र श्रेय पारिख ने अपने नाम कर लिया है। कैलिफोर्निया के रहने वाले श्रेय ने फाइनल मुकाबले में न्यू जर्सी के ईशान गुप्ता को हराकर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की। उनकी इस जीत को भारतीय समुदाय के लिए गर्व का पल माना जा रहा है।

प्रतियोगिता के अंतिम और बेहद रोमांचक स्पेल-ऑफ राउंड में श्रेय पारिख और ईशान गुप्ता के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों प्रतिभागियों को 90 सेकंड के भीतर ज्यादा से ज्यादा शब्दों की सही स्पेलिंग बतानी थी। श्रेय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 32 शब्दों की सही स्पेलिंग बताई, जबकि ईशान 25 शब्दों तक ही पहुंच सके। इसी बढ़त ने श्रेय को विजेता बना दिया।

श्रेय पारिख की यह जीत कई वर्षों की मेहनत का नतीजा मानी जा रही है। इससे पहले वह 2022 में इस प्रतियोगिता में 89वें स्थान पर रहे थे। वहीं, 2024 में उन्होंने तीसरा स्थान हासिल किया था और फाइनल तक पहुंचे थे। लगातार बेहतर प्रदर्शन के बाद अब उन्होंने आखिरकार खिताब अपने नाम कर लिया।

इस जीत के साथ श्रेय पारिख को 50 हजार अमेरिकी डॉलर यानी करीब 41.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। इसके अलावा उन्हें प्रतिष्ठित स्क्रिप्स कप और स्मारक पदक भी दिया जाएगा। मेरियम-वेबस्टर की ओर से 2,500 डॉलर का अतिरिक्त पुरस्कार, डेल्टा एयरलाइंस की तरफ से 1,000 डॉलर का फ्लाइट क्रेडिट और एनसाइक्लोपीडिया ब्रिटानिका की ओर से 400 डॉलर मूल्य की संदर्भ पुस्तकें भी प्रदान की जाएंगी।

तीन दिन तक चली यह प्रतियोगिता वॉशिंगटन डीसी के DAR Constitution Hall में आयोजित की गई। इसमें अमेरिका के सभी 50 राज्यों के अलावा डिस्ट्रिक्ट ऑफ कोलंबिया, गुआम, प्यूर्टो रिको, यूएस वर्जिन आइलैंड्स और यूरोप स्थित रक्षा विभाग के स्कूलों सहित कई देशों के छात्रों ने हिस्सा लिया। बहामास, कनाडा, घाना, नाइजीरिया और संयुक्त अरब अमीरात समेत कई देशों से कुल 247 प्रतिभागी इस प्रतियोगिता में शामिल हुए थे।

प्रतियोगिता के अंतिम दौर में कुल नौ प्रतिभागियों ने जगह बनाई थी। जॉर्जिया के 12 वर्षीय सर्व धारवाने तीसरे स्थान पर रहे। इस बार का फाइनल मुकाबला काफी चुनौतीपूर्ण और रोमांचक माना गया।

क्या है स्क्रिप्स नेशनल स्पेलिंग बी?

स्क्रिप्स नेशनल स्पेलिंग बी (Scripps National Spelling Bee) अमेरिका में हर साल आयोजित होने वाली एक प्रतिष्ठित स्पेलिंग प्रतियोगिता है। इसमें हजारों छात्र हिस्सा लेते हैं और कई चरणों की कठिन परीक्षा के बाद विजेता चुना जाता है। यह प्रतियोगिता खास तौर पर अंग्रेजी शब्दों की सही स्पेलिंग, शब्दावली और भाषा ज्ञान को परखने के लिए जानी जाती है।

कौन ले सकता है हिस्सा?

इस प्रतियोगिता में आठवीं कक्षा तक के छात्र हिस्सा ले सकते हैं और प्रतिभागियों की उम्र 15 साल से अधिक नहीं होनी चाहिए। प्रतियोगिता की शुरुआत प्रारंभिक राउंड से होती है, जिसमें स्पेलिंग और मल्टीपल-चॉइस वोकैबुलरी टेस्ट शामिल होता है। इसके बाद लिखित परीक्षा, क्वार्टरफाइनल और सेमीफाइनल राउंड आयोजित किए जाते हैं।

क्वार्टरफाइनल और सेमीफाइनल में प्रतिभागियों से मंच पर माइक्रोफोन के सामने शब्दों की स्पेलिंग और शब्दावली से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं। गलत जवाब देने वाले प्रतियोगी बाहर हो जाते हैं और अंत में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने वाला छात्र विजेता घोषित किया जाता है।

भारतीय मूल के छात्रों का इस प्रतियोगिता में लंबे समय से दबदबा रहा है। पिछले कई वर्षों में भारतीय-अमेरिकी छात्रों ने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए कई बार यह खिताब अपने नाम किया है। अब श्रेय पारिख ने इस सूची में अपना नाम जोड़ते हुए एक और इतिहास रच दिया है।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed