Edinbox Hindi
IIM मुंबई में मैनेजमेंट ट्रेनी के 10 पदों पर भर्ती, 16 जून तक करें आवेदन; 45 हजार तक मिलेगी सैलरी

IIM मुंबई में मैनेजमेंट ट्रेनी के 10 पदों पर भर्ती, 16 जून तक करें आवेदन; 45 हजार तक मिलेगी सैलरी

IIM मुंबई में मैनेजमेंट ट्रेनी के 10 पदों पर भर्ती, 16 जून तक करें आवेदन; 45 हजार तक मिलेगी सैलरी

भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) मुंबई ने मैनेजमेंट ट्रेनी के पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। संस्थान की ओर से संविदा आधारित कुल 10 पदों पर योग्य उम्मीदवारों से आवेदन मांगे गए हैं। यह भर्ती उन युवाओं के लिए अच्छा अवसर मानी जा रही है जो प्रबंधन, रिसर्च और अकादमिक प्रशासन से जुड़े क्षेत्रों में करियर बनाना चाहते हैं।

आईआईएम मुंबई ने स्पष्ट किया है कि इन पदों के लिए ऐसे ऊर्जावान और पेशेवर उम्मीदवारों की तलाश की जा रही है जिनकी अकादमिक पृष्ठभूमि मजबूत हो और जो संस्थान के विभिन्न विभागों में प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें।

किन विभागों में होगी भर्ती?

जारी नोटिफिकेशन के अनुसार मैनेजमेंट ट्रेनी के कुल 10 पद अलग-अलग विभागों के लिए निर्धारित किए गए हैं। एनालिटिक्स एंड डिसीजन साइंस, ऑपरेशन एंड सप्लाई चेन, सस्टेनेबल मैनेजमेंट और ओबीएचआर मैनेजमेंट विभाग में एक-एक पद रखा गया है। इसके अलावा मार्केटिंग विभाग में दो पद और प्रशासनिक विभाग में चार पदों पर भर्ती की जाएगी।

आवेदन प्रक्रिया शुरू

इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 27 मई से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 16 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है और अभ्यर्थियों को शाम 5 बजे से पहले आईआईएम मुंबई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन जमा करना होगा।

कौन कर सकता है आवेदन?

भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास संबंधित क्षेत्र में कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ मास्टर डिग्री, बीटेक या समकक्ष प्रोफेशनल डिग्री होना जरूरी है। संस्थान ने मजबूत अकादमिक रिकॉर्ड को भी जरूरी शर्तों में शामिल किया है।

संबंधित क्षेत्र में कार्य अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं, जो उम्मीदवार वर्तमान में पीएचडी कर रहे हैं या भविष्य में डॉक्टरेट करने की योजना बना रहे हैं, उन्हें भी चयन प्रक्रिया में वरीयता मिल सकती है।

आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवारों की अधिकतम उम्र 32 वर्ष निर्धारित की गई है। हालांकि पीएचडी योग्यता रखने वाले या अनुभवी उम्मीदवारों को अधिकतम 35 वर्ष तक की छूट दी जा सकती है।

कैसे होगा चयन?

उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा, स्किल टेस्ट या इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। इसके बाद दस्तावेज सत्यापन और मेरिट सूची के अनुसार अंतिम चयन किया जाएगा। संस्थान ने कहा है कि चयन प्रक्रिया पद और विभाग के अनुसार अलग-अलग हो सकती है।

कितनी मिलेगी सैलरी?

चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 35 हजार रुपये से 45 हजार रुपये तक वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा उन्हें 8 हजार रुपये का आवास भत्ता, 2 हजार रुपये यात्रा भत्ता और 500 रुपये मोबाइल खर्च प्रतिपूर्ति के रूप में भी दिए जाएंगे।

संविदा आधारित होगी नियुक्ति

आईआईएम मुंबई की ओर से जारी यह भर्ती पूरी तरह संविदा आधारित होगी। शुरुआती नियुक्ति एक वर्ष के लिए की जाएगी। हालांकि उम्मीदवार के प्रदर्शन और संस्थान की जरूरत के आधार पर इसे हर साल बढ़ाया जा सकता है। अधिकतम तीन वर्षों तक सेवा अवधि बढ़ाने का प्रावधान रखा गया है।

देश के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थानों में शामिल IIM मुंबई में नौकरी पाने का यह अवसर उन युवाओं के लिए खास हो सकता है जो उच्च शिक्षा संस्थानों में प्रशासनिक और प्रबंधन से जुड़ा अनुभव हासिल करना चाहते हैं।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed