
NEET UG 2026 री-एग्जाम में शामिल हुए लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने री-एग्जाम की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया तेज कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एजेंसी आपत्तियों की समीक्षा के साथ-साथ फाइनल आंसर-की तैयार करने में जुटी है। इसके बाद ही परिणाम घोषित किए जाएंगे।
रिजल्ट जारी होने के बाद उम्मीदवार अपना स्कोरकार्ड NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर डाउनलोड कर सकेंगे। हालांकि, खबर लिखे जाने तक एजेंसी ने रिजल्ट जारी करने की आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं की है।
10 हजार से ज्यादा आपत्तियों की हो रही जांच
NEET UG 2026 री-एग्जाम की प्रोविजनल आंसर-की जारी होने के बाद अभ्यर्थियों ने 10 हजार से अधिक आपत्तियां दर्ज कराई थीं। NTA प्रत्येक आपत्ति की अलग-अलग जांच कर रहा है। विषय विशेषज्ञों की समीक्षा के बाद फाइनल आंसर-की जारी की जाएगी और उसी के आधार पर अंतिम परिणाम घोषित होगा।
इस प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी उम्मीदवारों का मूल्यांकन निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से हो।
21 जून को आयोजित हुई थी दोबारा परीक्षा
NEET UG 2026 का री-एग्जाम 21 जून 2026 को देशभर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों के साथ विदेश के 14 केंद्रों पर आयोजित किया गया था। यह परीक्षा पेपर लीक से जुड़े मामले के बाद कराई गई। इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) कर रही है और जांच के दौरान कई लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।
लाखों उम्मीदवार हुए शामिल
NTA के अनुसार, इस परीक्षा में 20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा भारत के 5,440 परीक्षा केंद्रों और विदेश के 14 केंद्रों पर आयोजित की गई। उम्मीदवारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा हिंदी, अंग्रेजी समेत 13 भाषाओं में कराई गई।
एजेंसी ने परीक्षा के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कई अतिरिक्त इंतजाम किए थे। परीक्षा संचालन में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने मिलकर सहयोग किया।
दिव्यांग और गंभीर रूप से बीमार उम्मीदवारों के लिए विशेष व्यवस्था
NTA ने बताया कि दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए भी विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। 10 हजार से अधिक दिव्यांग अभ्यर्थियों को आवश्यक सहायता प्रदान की गई। इसके अलावा गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे 81 उम्मीदवारों के लिए अलग व्यवस्था की गई, ताकि वे बिना किसी कठिनाई के परीक्षा में शामिल हो सकें। इनमें सड़क दुर्घटना से उबर रहे और कीमोथेरेपी करा रहे उम्मीदवार भी शामिल थे।
रिजल्ट जारी होने के बाद ऐसे डाउनलोड करें स्कोरकार्ड
रिजल्ट घोषित होने के बाद उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिए होमपेज पर NEET UG Result 2026 लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अपना एप्लिकेशन नंबर, जन्मतिथि और स्क्रीन पर दिया गया सिक्योरिटी पिन दर्ज कर सबमिट करें। लॉगिन के बाद आपका स्कोरकार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा। भविष्य की काउंसलिंग प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए स्कोरकार्ड डाउनलोड कर उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखना बेहतर रहेगा।
काउंसलिंग से पहले रखें इन बातों का ध्यान
रिजल्ट जारी होने के बाद मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) और संबंधित राज्य काउंसलिंग प्राधिकरण अलग-अलग शेड्यूल जारी करेंगे। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे NTA और MCC की आधिकारिक वेबसाइटों पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।




Add comment