
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 की उत्तर पुस्तिकाओं (OMR शीट) के मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह प्रक्रिया प्रोविजनल आंसर-की पर उम्मीदवारों से प्राप्त आपत्तियों की समयसीमा समाप्त होने के बाद शुरू हुई है।
NTA ने पहले प्रोविजनल आंसर-की जारी कर उम्मीदवारों को प्रश्नों और उत्तरों पर आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिया था। इसके लिए 28 जून तक का समय निर्धारित किया गया था। अब मिली आपत्तियों की विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाएगी। इसके बाद अंतिम उत्तर कुंजी (Final Answer Key) जारी होगी और उसी के आधार पर परिणाम घोषित किया जाएगा।
10 हजार से अधिक आपत्तियों की होगी जांच
जानकारी के अनुसार, NEET UG 2026 की प्रोविजनल आंसर-की पर NTA को करीब 10 हजार आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। अब विषय विशेषज्ञ प्रत्येक आपत्ति की समीक्षा करेंगे और यदि किसी प्रश्न या उत्तर में त्रुटि पाई जाती है तो अंतिम उत्तर कुंजी में आवश्यक संशोधन किया जाएगा।
NTA की तय प्रक्रिया के अनुसार पहले फाइनल आंसर-की जारी की जाएगी और उसके बाद परिणाम घोषित होगा। आमतौर पर अंतिम उत्तर कुंजी जारी होने के एक दिन के भीतर रिजल्ट जारी किया जाता है।
री-एग्जाम के बाद आगे बढ़ी मूल्यांकन प्रक्रिया
NEET UG 2026 की मूल परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित की गई थी। इसके बाद NTA ने प्रारंभिक उत्तर कुंजी जारी की थी। हालांकि, बाद में पेपर लीक के आरोपों के चलते परीक्षा रद्द कर दी गई और 21 जून 2026 को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई।
री-एग्जाम देशभर के 5,440 परीक्षा केंद्रों और विदेश के 14 केंद्रों पर कराया गया, जिसमें 20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया। अब इसी परीक्षा की OMR शीट का मूल्यांकन किया जा रहा है।
किन सवालों पर उठे सबसे ज्यादा सवाल?
प्रोविजनल आंसर-की जारी होने के बाद कुछ प्रश्नों को लेकर छात्रों और विशेषज्ञों ने आपत्तियां दर्ज कराई हैं।
कोटा के एक निजी कोचिंग संस्थान के NEET विशेषज्ञ विनोद कुमावत के अनुसार, फिजिक्स सेक्शन के दो प्रश्न सबसे अधिक चर्चा में रहे।
पहला प्रश्न इलेक्ट्रोमैग्नेटिक वेव्स (EM Waves) से जुड़ा बताया जा रहा है। विशेषज्ञों का दावा है कि इस प्रश्न के दो विकल्प सही माने जा सकते हैं। यदि अंतिम समीक्षा में यह बात सही पाई जाती है, तो दोनों सही विकल्प चुनने वाले उम्मीदवारों को अंक मिल सकते हैं।
दूसरा प्रश्न वर्नियर कैलिपर्स (Vernier Calipers) से संबंधित बताया जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस प्रश्न के सभी विकल्प त्रुटिपूर्ण हैं। यदि NTA की विशेषज्ञ समिति भी इस निष्कर्ष पर पहुंचती है, तो यह प्रश्न हटाया (Drop) जा सकता है और सभी अभ्यर्थियों को इसके पूरे अंक (Bonus Marks) दिए जा सकते हैं।
हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि बोनस अंक या प्रश्न हटाने को लेकर अभी NTA की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अंतिम निर्णय विशेषज्ञ समिति की समीक्षा और फाइनल आंसर-की जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
रिजल्ट कब जारी हो सकता है?
NTA ने अभी तक NEET UG 2026 के परिणाम की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है। हालांकि, मूल्यांकन प्रक्रिया शुरू होने और आपत्तियों की समीक्षा जारी रहने के बाद माना जा रहा है कि फाइनल आंसर-की जारी होने के तुरंत बाद परिणाम घोषित किया जा सकता है।
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे रिजल्ट और फाइनल आंसर-की से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए केवल NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी नोटिस पर ही भरोसा करें।




Add comment