
दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आमरण अनशन को लेकर कई दिनों से सोशल मीडिया पर उनकी चुप्पी पर सवाल उठ रहे थे। अब बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने पहली बार इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने जहां सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर चिंता जताई, वहीं फिल्म ‘3 इडियट्स’ से जुड़े वर्षों पुराने एक चर्चित दावे को भी गलत बताया।
दरअसल, बहस उस समय और तेज हो गई थी जब ‘3 इडियट्स’ में चतुर रामालिंगम का किरदार निभाने वाले अभिनेता ओमी वैद्य ने सार्वजनिक रूप से सोनम वांगचुक के समर्थन में बयान दिया। इसके बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने सवाल उठाया कि आमिर खान ने अब तक इस मुद्दे पर कोई प्रतिक्रिया क्यों नहीं दी।
ब्रिटिश फिल्म इंस्टीट्यूट (BFI) में एक बातचीत के दौरान आमिर खान से सोनम वांगचुक के जारी अनशन को लेकर सवाल पूछा गया। इसी दौरान उनसे उस लंबे समय से चली आ रही धारणा के बारे में भी पूछा गया कि ‘3 इडियट्स’ के मुख्य किरदार फुंसुख वांगडू का चरित्र सोनम वांगचुक से प्रेरित था।
आमिर खान ने इस दावे को साफ तौर पर खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि जब ‘3 इडियट्स’ बनाई जा रही थी, तब न तो वह, न फिल्म के निर्देशक राजकुमार हिरानी और न ही लेखक अभिजात जोशी, किसी भी रूप में सोनम वांगचुक को व्यक्तिगत रूप से जानते थे।
उन्होंने इस धारणा को एक गलतफहमी बताते हुए कहा, “नहीं, यह सच नहीं है। यह केवल एक गलत धारणा है।”
आमिर ने बताया कि उन्होंने हाल ही में ओमी वैद्य का एक वीडियो देखा, जिसमें उन्होंने अपने किरदार चतुर का जिक्र करते हुए सोनम वांगचुक की बात की थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए आमिर ने कहा कि यह दावा सही नहीं है।
उन्होंने कहा, “हो सकता है कि चतुर ऐसा सोचता हो, लेकिन मैं साफ करना चाहता हूं कि न राजू (राजकुमार हिरानी), न अभिजात और न ही मैं, हममें से कोई भी उस समय सोनम वांगचुक को नहीं जानता था।”
हालांकि, आमिर खान ने यह भी स्पष्ट किया कि इस तथ्य को सामने रखने का मतलब किसी भी तरह से सोनम वांगचुक या उनके काम को कमतर आंकना नहीं है।
उन्होंने सोनम वांगचुक के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने समाज के लिए जो योगदान दिया है, उसके लिए वे सम्मान के पात्र हैं, चाहे उनका ‘3 इडियट्स’ से कोई संबंध रहा हो या नहीं।
आमिर खान ने यह भी याद दिलाया कि स्वयं सोनम वांगचुक भी पहले कई बार स्पष्ट कर चुके हैं कि फुंसुख वांगडू का किरदार उन पर आधारित नहीं था। उन्होंने कहा कि वह केवल वर्षों से चली आ रही इस गलतफहमी को तथ्यों के आधार पर दूर करना चाहते थे।
आमिर ने कहा, “मैं सिर्फ तथ्य स्पष्ट करना चाहता था।”
बातचीत के दौरान जब चर्चा सोनम वांगचुक के जंतर-मंतर पर जारी आमरण अनशन पर पहुंची, तो आमिर खान ने राजनीतिक टिप्पणी करने से बचते हुए उनकी सेहत और सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की।
उन्होंने कहा कि हर कोई सोनम वांगचुक की सेहत और जीवन को लेकर चिंतित है और सभी की यही उम्मीद है कि इस पूरे मामले का जल्द सकारात्मक समाधान निकले।
आमिर खान ने कहा, “हम सभी उनकी सेहत और उनके जीवन को लेकर बेहद चिंतित हैं। हम उम्मीद करते हैं कि इस स्थिति का अच्छा समाधान निकले, वह अपना अनशन समाप्त करें और अपना ध्यान रखें।”




Add comment