
MGAHV Faculty Recruitment 2026: अगर आप विश्वविद्यालय में शिक्षक बनने का सपना देख रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। महात्मा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हिन्दी विश्वविद्यालय (MGAHV), वर्धा ने प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह नियुक्तियां विश्वविद्यालय के विभिन्न स्कूलों और क्षेत्रीय केंद्रों में की जाएंगी। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट hindivishwa.org पर जारी भर्ती अधिसूचना देखकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल CU Chayan (Samarth) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। किसी भी प्रकार का ऑफलाइन या हार्ड कॉपी आवेदन मान्य नहीं होगा।
इन विभागों में होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 11 शिक्षकीय पद भरे जाएंगे। इनमें स्कूल ऑफ लॉ, स्कूल ऑफ लैंग्वेज, लैंग्वेज टेक्नोलॉजी एंड लैंग्वेज इंजीनियरिंग, ट्रांसलेशन स्टडीज, लिंग्विस्टिक्स, इंग्लिश एंड फॉरेन लैंग्वेज तथा वर्धा समाज कार्य संस्थान जैसे विभाग शामिल हैं।
भर्ती में 6 प्रोफेसर, 4 एसोसिएट प्रोफेसर और 1 असिस्टेंट प्रोफेसर के पद शामिल हैं।
कितना मिलेगा वेतन?
चयनित उम्मीदवारों को 7वें वेतन आयोग (7th CPC) के अनुसार आकर्षक वेतन दिया जाएगा।
- प्रोफेसर (लेवल-14): ₹1,44,200 से ₹2,18,200 प्रति माह
- एसोसिएट प्रोफेसर (लेवल-13A): ₹1,31,400 से ₹2,17,100 प्रति माह
- असिस्टेंट प्रोफेसर (लेवल-10): ₹57,700 से ₹1,82,400 प्रति माह
वेतन के साथ विश्वविद्यालय के नियमानुसार अन्य भत्ते भी दिए जाएंगे।
पदों के अनुसार योग्यता
प्रोफेसर पद के लिए संबंधित विषय में पीएचडी अनिवार्य है। साथ ही कम से कम 10 वर्षों का शिक्षण या शोध अनुभव, 10 शोध प्रकाशन और UGC के मानकों के अनुसार निर्धारित रिसर्च स्कोर होना चाहिए।
एसोसिएट प्रोफेसर के लिए संबंधित विषय में पीएचडी, मास्टर डिग्री में कम से कम 55 प्रतिशत अंक तथा न्यूनतम 8 वर्ष का शिक्षण या शोध अनुभव आवश्यक है।
असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए संबंधित विषय में 55 प्रतिशत अंकों के साथ मास्टर डिग्री और UGC NET/CSIR NET, SET या SLET उत्तीर्ण होना जरूरी है। हालांकि, UGC के निर्धारित नियमों के अनुसार पात्र पीएचडी धारकों को NET/SET/SLET से छूट मिलेगी।
इंटरव्यू के आधार पर होगा चयन
विश्वविद्यालय प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद पात्र उम्मीदवारों को साक्षात्कार (Interview) के लिए शॉर्टलिस्ट करेगा। चयनित अभ्यर्थियों को ईमेल के माध्यम से सूचना भेजी जाएगी। इंटरव्यू की तारीख, समय और स्थान की जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर भी प्रकाशित की जाएगी।
अंतिम चयन पूरी तरह साक्षात्कार में प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
आवेदन शुल्क
प्रत्येक पद के लिए ₹1,000 आवेदन शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा।
हालांकि SC, ST, PwBD, महिला उम्मीदवारों और विश्वविद्यालय के नियमित कर्मचारियों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।
ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवार CU Chayan (Samarth) पोर्टल पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकते हैं। इसके बाद लॉगिन कर व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और अन्य आवश्यक विवरण भरने होंगे। निर्धारित प्रारूप में फोटो, हस्ताक्षर और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करना होगा। भविष्य के लिए आवेदन पत्र का प्रिंट सुरक्षित रखना भी आवश्यक है।
आवेदन से पहले रखें इन बातों का ध्यान
आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को संबंधित पद की शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, आयु संबंधी शर्तें और अन्य पात्रता मानदंड आधिकारिक भर्ती अधिसूचना में अच्छी तरह पढ़ लेने चाहिए। अधूरी जानकारी या आवश्यक दस्तावेजों के बिना किया गया आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।




Add comment