
भारत का अंतरिक्ष क्षेत्र अब केवल सरकारी एजेंसी तक सीमित नहीं रहा। पिछले कुछ वर्षों में निजी कंपनियों के प्रवेश और नई अंतरिक्ष नीति के बाद देश का स्पेस इकोसिस्टम तेजी से विकसित हुआ है। इसका सबसे बड़ा फायदा युवाओं को मिल रहा है, जिनके लिए अब इस क्षेत्र में केवल नौकरी ही नहीं, बल्कि अपना स्टार्टअप शुरू करने के भी नए अवसर बन रहे हैं।
आज भारतीय स्पेस स्टार्टअप वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। रॉकेट लॉन्च, सैटेलाइट निर्माण, स्पेस डाटा एनालिटिक्स, ड्रोन तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रिमोट सेंसिंग जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम हो रहा है। ऐसे में इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस और डाटा टेक्नोलॉजी से जुड़े छात्रों के लिए यह क्षेत्र भविष्य की सबसे संभावनाशील इंडस्ट्री में शामिल हो चुका है।
भारत में तेजी से बढ़ रहा है स्पेस स्टार्टअप इकोसिस्टम
भारत सरकार द्वारा 2020 में अंतरिक्ष क्षेत्र को निजी कंपनियों के लिए खोलने के बाद स्पेस सेक्टर में बड़ा बदलाव देखने को मिला। इसके बाद IN-SPACe (Indian National Space Promotion and Authorization Centre) की स्थापना की गई, जिससे निजी कंपनियों को लॉन्च सुविधाएं, तकनीकी सहयोग और नियामकीय सहायता मिलने लगी।
आज Skyroot Aerospace, Agnikul Cosmos, Pixxel, Digantara, GalaxEye जैसी भारतीय कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी तकनीक और नवाचार के दम पर पहचान बना चुकी हैं। इन स्टार्टअप्स ने यह साबित किया है कि भारत केवल अंतरिक्ष मिशन चलाने वाला देश नहीं, बल्कि स्पेस टेक्नोलॉजी में नवाचार करने वाला वैश्विक केंद्र भी बन रहा है।
स्पेस स्टार्टअप का मतलब केवल रॉकेट बनाना नहीं
कई छात्रों को लगता है कि स्पेस सेक्टर में काम करने के लिए रॉकेट या सैटेलाइट बनाना जरूरी होता है। जबकि वास्तविकता इससे कहीं व्यापक है।
आज कई कंपनियां सैटेलाइट से प्राप्त डाटा का विश्लेषण कर कृषि, मौसम, आपदा प्रबंधन, शहरी विकास, रक्षा और उद्योगों के लिए समाधान तैयार कर रही हैं। कुछ स्टार्टअप छोटे सैटेलाइट विकसित कर रहे हैं, तो कई कंपनियां सेंसर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, स्पेस सॉफ्टवेयर और संचार तकनीक पर काम कर रही हैं।
इसके अलावा सौर ऊर्जा से संचालित High Altitude Platform Systems (HAPS) जैसे मानव रहित प्लेटफॉर्म भी तेजी से विकसित हो रहे हैं, जिनका उपयोग संचार, निगरानी और इंटरनेट सेवाओं में किया जा रहा है।
यदि किसी छात्र की रुचि कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स, रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस या डाटा साइंस में है, तो उसके लिए भी इस सेक्टर में कई करियर विकल्प उपलब्ध हैं।
स्पेस सेक्टर में करियर बनाने के लिए कैसे करें तैयारी
इस क्षेत्र में सफलता के लिए गणित और विज्ञान की मजबूत समझ बेहद जरूरी है। 12वीं के बाद छात्र मैकेनिकल इंजीनियरिंग, एयरोस्पेस इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, फिजिक्स या संबंधित विषयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं।
हालांकि केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है। कॉलेज के दौरान छात्रों को तकनीकी प्रोजेक्ट्स पर काम करना चाहिए, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहिए और इंटर्नशिप के जरिए उद्योग का व्यावहारिक अनुभव लेना चाहिए। यही अनुभव आगे चलकर नौकरी और उद्यम, दोनों में मदद करता है।
इन तकनीकी स्किल्स पर जरूर करें काम
स्पेस इंडस्ट्री में सफल होने के लिए डिग्री के साथ व्यावहारिक कौशल भी बेहद महत्वपूर्ण हैं।
पाइथन और सी प्रोग्रामिंग, एम्बेडेड सिस्टम, रोबोटिक्स, ड्रोन टेक्नोलॉजी, मशीन लर्निंग, सैटेलाइट डाटा एनालिसिस, जीआईएस (GIS), रिमोट सेंसिंग और 3डी प्रिंटिंग जैसी स्किल्स छात्रों को उद्योग की जरूरतों के अनुसार तैयार करती हैं। इन तकनीकों की मदद से नए उत्पाद और समाधान विकसित करने की क्षमता भी बढ़ती है।
सीखने के लिए उपलब्ध हैं कई अवसर
स्पेस सेक्टर में लगातार नई तकनीकें विकसित हो रही हैं। इसलिए पढ़ाई के साथ अतिरिक्त प्रशिक्षण लेना भी जरूरी है।
ISRO, Indian Institute of Remote Sensing (IIRS) और Indian Institute of Space Science and Technology (IIST) समय-समय पर ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करते हैं। इसके अलावा कई IIT, NIT और विश्वविद्यालय स्पेस टेक्नोलॉजी, सैटेलाइट डिजाइन, ड्रोन, रिमोट सेंसिंग और एयरोस्पेस से जुड़े सर्टिफिकेट कोर्स, हैकाथॉन और तकनीकी कार्यशालाएं आयोजित करते हैं। इन कार्यक्रमों के जरिए छात्रों को विशेषज्ञों के साथ काम करने और उद्योग से जुड़ने का अवसर मिलता है।
स्टार्टअप शुरू करने के लिए मिल रहा है संस्थागत सहयोग
आज यदि किसी युवा के पास नई तकनीक या अभिनव विचार है, तो उसे अकेले आगे बढ़ने की जरूरत नहीं है।
IN-SPACe, Startup India, Atal Innovation Mission (AIM), विभिन्न IIT के इनक्यूबेशन सेंटर, IIST, T-Hub और कई अन्य इनोवेशन सेंटर नए उद्यमियों को तकनीकी मार्गदर्शन, बिजनेस मेंटरशिप, नेटवर्किंग और निवेशकों से जुड़ने का अवसर उपलब्ध करा रहे हैं।
भारत के कई सफल स्पेस स्टार्टअप की शुरुआत भी कॉलेज प्रोजेक्ट या कुछ छात्रों की छोटी टीम से हुई थी, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काम कर रहे हैं।
भविष्य में बढ़ेगी स्पेस प्रोफेशनल्स की मांग
सैटेलाइट इंटरनेट, पृथ्वी अवलोकन (Earth Observation), रक्षा तकनीक, स्मार्ट कृषि, मौसम पूर्वानुमान, लॉजिस्टिक्स और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में स्पेस टेक्नोलॉजी का उपयोग लगातार बढ़ रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले वर्षों में भारत का स्पेस इकोसिस्टम तेजी से विस्तार करेगा, जिससे तकनीकी विशेषज्ञों के साथ नवाचार करने वाले उद्यमियों की मांग भी बढ़ेगी।
ऐसे में जो छात्र अभी से सही शिक्षा, आधुनिक तकनीकी कौशल और व्यावहारिक अनुभव पर ध्यान देंगे, उनके लिए स्पेस सेक्टर आने वाले समय में बेहतरीन करियर और उद्यमिता के अवसर लेकर आ सकता है।




Add comment