
दशकों तक अमेरिका में कॉलेज चुनने का समीकरण सरल माना जाता था— शिक्षा की गुणवत्ता और उसकी लागत की तुलना कर, प्रतिष्ठा और वहनीयता (affordability) के सर्वश्रेष्ठ संतुलन वाला संस्थान चुनना। लेकिन अब यह समीकरण राजनीति, कैंपस सुरक्षा और यहाँ तक कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म TikTok जैसे नए कारकों से कहीं अधिक जटिल हो गया है।
Jenzabar की सहयोगी संस्था Spark451 द्वारा किए गए 14वें वार्षिक सर्वेक्षण के अनुसार, कॉलेज चयन की प्रक्रिया अब तेजी से बदल रही है। इस सर्वे में 1,800 से अधिक हाई स्कूल सीनियर छात्रों और 1,400 अभिभावकों की राय शामिल की गई।2025 की रिपोर्ट बताती है कि जहाँ शैक्षणिक गुणवत्ता और लागत अब भी मुख्य आधार हैं, वहीं अब परिवार कॉलेजों का मूल्यांकन अधिक व्यापक और कभी-कभी विवादास्पद दृष्टिकोण से कर रहे हैं।
स्थायी स्तंभ: गुणवत्ता और लागत
जैसा अनुमान था, शिक्षा की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता रही, इसके बाद लागत और छात्रवृत्ति की उपलब्धता आई। हालाँकि एक दिलचस्प तथ्य यह रहा कि 59% अभिभावकों ने माना कि उनके बच्चे ने जिस कॉलेज में दाखिला लिया, वह सबसे सस्ता विकल्प नहीं था। यह दर्शाता है कि अब परिवार गुणवत्ता, सुरक्षा और संस्थान के मूल्यों के अनुरूप कॉलेज के लिए अधिक भुगतान करने को तैयार हैं।
कैंपस की राजनीति: नया निर्णायक तत्व
सर्वे का सबसे चौंकाने वाला निष्कर्ष था — कॉलेज चयन में राजनीतिक झुकाव का प्रभाव। करीब 74% छात्रों और 78% अभिभावकों ने कहा कि किसी विश्वविद्यालय की राजनीतिक विचारधारा ने उनके निर्णय को प्रभावित किया। इसके अलावा, 70% अभिभावकों ने राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों को भी यह तय करने में महत्वपूर्ण माना कि क्या वह स्थान उनके बच्चे के अध्ययन के लिए सुरक्षित है।
आज के दौर में, जब कॉलेज परिसर स्वतंत्रता, विविधता और अभिव्यक्ति के मुद्दों से जूझ रहे हैं, यह स्पष्ट है कि विश्वविद्यालय अब सिर्फ शिक्षा के केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक-राजनीतिक पारिस्थितिकी तंत्र बन गए हैं — जो छात्रों के करियर, व्यक्तित्व और पहचान तीनों को प्रभावित करते हैं।
खेल नहीं, सुरक्षा है नई प्राथमिकता
सर्वेक्षण के अनुसार, कॉलेज अब खेलकूद को छात्रों को आकर्षित करने के मुख्य साधन के रूप में नहीं देख सकते। अंतर-विश्वविद्यालयीय खेल (Intercollegiate Athletics) को 17 में से 15वां स्थान मिला, जबकि कैंपस सुरक्षा शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल रही — विशेषकर गन हिंसा और मानसिक स्वास्थ्य संकटों की बढ़ती घटनाओं के बीच।
Spark451 के उपाध्यक्ष माइकल मैकगेट्रिक ने कहा, “शैक्षणिक गुणवत्ता, लागत और मूल्य अब भी महत्वपूर्ण हैं, लेकिन इस वर्ष के परिणाम बताते हैं कि अब परिवार कैंपस सुरक्षा, राजनीतिक माहौल और नैतिक मूल्यों जैसे पहलुओं पर भी गंभीरता से विचार कर रहे हैं।”
एप्लिकेशन की दौड़: प्रतिस्पर्धा का नया युग
आज के छात्र चिंतित जरूर हैं, लेकिन साथ ही अधिक सक्रिय और रणनीतिक भी।2025 में आधे से अधिक छात्रों ने 10 या उससे अधिक कॉलेजों में आवेदन किया — जो 2024 (45%) और 2023 (39%) से काफी अधिक है। इनमें से 80% से अधिक छात्रों ने Common Application प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया।
फीस माफी (Fee Waiver) एक निर्णायक कारक साबित हुई — 65% छात्रों ने बताया कि फीस माफी मिलने के बाद उन्होंने अधिक कॉलेजों में आवेदन किया।
हालाँकि, 63% अभिभावकों ने कहा कि फीस माफी ने उनके निर्णय पर कोई विशेष प्रभाव नहीं डाला।
डायरेक्ट एडमिशन: आकर्षण है, निर्णायक नहीं
डायरेक्ट एडमिशन, यानी बिना पूर्ण आवेदन प्रक्रिया के सीधा प्रवेश, को सुलभता बढ़ाने का प्रयास माना जा रहा है। सर्वे के अनुसार, 32% छात्रों ने इस माध्यम से कम-से-कम एक कॉलेज में आवेदन किया, परंतु केवल 41% छात्रों ने वास्तव में उसी कॉलेज में दाखिला लिया।
इससे स्पष्ट है कि यह प्रणाली रुचि तो जगा रही है, पर अभी निर्णायक कारक नहीं बनी है। हालाँकि, 78% अभिभावकों ने इस प्रक्रिया को पसंद किया, जो पिछले वर्ष (73%) से अधिक है।
डिजिटल मैदान: TikTok, AI और पत्र की शक्ति
जहाँ राजनीति और सुरक्षा भावनात्मक पहलू हैं, वहीं तकनीक अब कॉलेज चयन की व्यावहारिक दिशा तय कर रही है। लगभग 93% छात्रों ने कॉलेजों की जानकारी के लिए सोशल मीडिया का उपयोग किया, जिसमें Instagram (70%), YouTube (52%) और TikTok (49%) सबसे लोकप्रिय रहे।
करीब एक-तिहाई छात्रों ने AI टूल्स (जैसे ChatGPT) का उपयोग किया — इनमें से 62% ने एडमिशन और फीस संबंधी जानकारी के लिए इसका सहारा लिया।
दूसरी ओर, केवल 4% अभिभावकों ने कहा कि उन्होंने कॉलेज खोज में AI का प्रयोग किया।
दिलचस्प बात यह रही कि डिजिटल युग में भी पारंपरिक संचार की अहमियत बनी हुई है, 97% छात्रों ने ईमेल को और 64% ने डाक से भेजे गए पत्रों को पसंदीदा माध्यम बताया। यह दर्शाता है कि नोटिफिकेशनों की दुनिया में भी एक व्यक्तिगत संदेश या पत्र की गर्माहट अब भी प्रभावशाली है।
कॉलेजों के लिए नया समीकरण
Spark451 की रिपोर्ट बताती है कि आज के छात्र और परिवार व्यावहारिक सोच के साथ वैचारिक रुख भी अपनाए हुए हैं — वे डिजिटल रूप से दक्ष, लेकिन कई मामलों में पारंपरिक मूल्यप्रिय हैं; कीमत के प्रति संवेदनशील, लेकिन अपने मूल्यों और सुरक्षा के लिए भुगतान करने को भी तैयार हैं।
अब “सबसे अच्छा कॉलेज कौन-सा है?” इस प्रश्न का एक ही उत्तर नहीं रहा। आज इसका उत्तर उतना ही राज्य की नीतियों और सामाजिक दृष्टिकोणों पर निर्भर करता है, जितना कि किसी कॉलेज की शैक्षणिक गुणवत्ता और प्रतिष्ठा पर।




Add comment