
जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir) के डोडा ज़िले के एक शिक्षक को वीडियो बनाकर स्कूल की बदहाली दिखाना भारी पड़ गया। उसे निलंबित कर दिया गया। उसके इस कृत्य को प्रशासन ने गोपनीय जानकारी प्रसारित करना और सरकारी नीतियों की आलोचना माना। निलंबित शिक्षक का नाम फियाज अहमद है और वह बतौर ग्रेड-II शिक्षक भट्यास क्षेत्र स्थित सरकारी मध्य विद्यालय द्रमन में कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार फियाज अहमद ने अपने स्कूल की बदहाल स्थिति का एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया था। शिक्षक ने वीडियो में जर्जर आवास, नाबालिग छात्रों की जान को खतरा और आठ कक्षाओं के प्रबंधन के लिए अपर्याप्त स्टाफ के सम्बन्ध में जानकारी दी थी। इससे खफा प्रशासन ने उनके ऊपर निलंबन की कार्रवाई कर दी। प्रशासन का कहना है कि शिक्षक ने गोपनीय जानकारी प्रसारित कीं और सरकारी नीतियों की आलोचना की।
मुख्य शिक्षा अधिकारी (डोडा) प्रकाश लाल थप्पा ने शिक्षक के निलंबन की पुष्टि की है और कहा है कि विभाग ने स्कूल की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) मांगी है। उन्होंने कहा कि विभाग ने वायरल वीडियो को गंभीरता से लिया, क्योंकि संबंधित शिक्षक ने परिसर में अनधिकृत व्यक्ति के प्रवेश का विरोध नहीं किया और इसके बजाय गोपनीय जानकारी प्रसारित की। साथ ही सरकारी नीतियों की आलोचना की।
निलंबन आदेश में यह भी कहा गया है कि शिक्षक को 6 जून को दो दिनों के भीतर अपनी स्थिति स्पष्ट करने के लिए कहा गया था। उनका जवाब संतोषजनक नहीं था। साथ ही गैर-विश्वसनीय भी पाया गया।




Add comment