Edinbox Hindi

NEET PG 2024: इसी माह आयोजित की जा सकती है नीट पीजी की परीक्षा

नीट पीजी (NEET-PG) परीक्षा के इसी महीने आयोजित किये जाने की पूरी सम्भावना है। गृह मंत्रालय के अधिकारियों की साइबर अपराध निरोधक संस्था के साथ बैठक के बाद यह बात सामने निकल कर आई है। सूत्रों ने खुलासा किया है कि इस बात की पूरी सम्भावना है कि स्नातकोत्तर चिकित्सा प्रवेश परीक्षा इसी महीने आयोजित की जाएगी। इसके अलावा यह भी खबर है कि प्रश्नपत्र परीक्षा से दो घंटे पहले तैयार किया जाएगा।

गौरतलब है कि राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा स्नातकोत्तर (NEET PG 2024) को NEET UG में अनियमितताओं के कारण 23 जून को इसके आयोजन से 12 घंटे पहले एहतियात के तौर पर रद्द कर दिया गया था। अब इसके इसी माह आयोजन की सम्भावना की खबर राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा स्नातकोत्तर (NEET PG) के रद्द होने से प्रभावित लाखों छात्रों के लिए बड़ी राहत की बात है। 

बता दें कि NEET UG में कथित अनियमितताओं की जांच अभी भी चल रही है।  परीक्षा में बैठने वाले लाखों छात्र भविष्य के बारे में कोई रास्ता न होने से निराश हैं। इस मामले को लेकर चिंतित और तनावग्रस्त कई लोगों ने परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी को दोषी ठहराया है। उन्होंने राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) को जिम्मेदार ठहराया और मांग की कि इसे खत्म किया जाए। इस बीच, NEET UG परीक्षा रद्द करने से संबंधित कई याचिकाओं पर 8 जुलाई को CJI डीवाई चंद्रचूड़ द्वारा सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है।

नीट पीजी 2024 परीक्षा 13,886 मास्टर ऑफ सर्जरी (MS), 26,699 डॉक्टर ऑफ मेडिसिन (MD) और 922 पोस्ट ग्रेजुएट (PG) डिप्लोमा सीटों पर प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है। भारतीय चिकित्सा परिषद अधिनियम के अनुसार, एमएस, एमडी और पीजी डिप्लोमा प्रवेश के लिए किसी अन्य प्रवेश परीक्षा को मान्यता नहीं दी जाती है। सफल उम्मीदवार सरकारी और निजी दोनों संस्थानों को मिलाकर 350 से अधिक मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश सुरक्षित कर सकते हैं। 

कहा जा रहा था कि नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) जल्द ही राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा स्नातकोत्तर (NEET PG 2024) परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है। एनबीई प्रेसिडेंट ने भी कहा था कि परीक्षा की तारीख अगले वीकेंड से पहले आ जाएगी। वहीं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी बीते शनिवार को यह बयान दिया था कि अगले दो-तीन दिनों में राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (NBE) द्वारा नीट पीजी (NEET-PG) के लिए नए कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed