Edinbox Hindi

गड़बड़ियों की आशंका के बीच झारखण्ड में पीजीटी शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देने का कार्यक्रम रद्द

झारखण्ड में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने तीन जुलाई को प्रस्तावित स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षकों का नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम स्थगित कर दिया है। भाजपा द्वारा दो परीक्षा केंद्रों से अधिक अभ्यर्थियों के उत्तीर्ण होने के आरोप लगाए जाने के बाद यह कार्यक्रम स्थगित हुआ। धुर्वा के प्रभात तारा मैदान में प्रस्तावित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन तीन जुलाई को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग से अनुशंसित 1,500 प्लस टू शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देनेवाले थे।

गौरतलब है कि राज्य में वर्ष 2022 में 3120 प्लस टू शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गयी थी। इसमें से प्रथम चरण में लगभग 1000 शिक्षकों को इस वर्ष मार्च में नियुक्ति पत्र दिया गया था। दूसरे चरण में 1500 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिया जाना था। नियुक्ति पत्र वितरण समारोह की सारी तैयारी लगभग पूरी हो चुकी थी।

बताया जाता है कि मुख्यमंत्री सचिवालय के निर्देश के बाद विभाग ने नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को स्थगित कर दिया। बताते चलें कि कई अभ्यर्थी स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक के परिणाम को लेकर सवाल उठा रहे थे। अभ्यर्थी बोकारो और रांची के एक-एक सेंटर से अधिक अभ्यर्थियों के इस प्रतियोगिता परीक्षा में उत्तीर्ण होने का आरोप लगाते हुए परीक्षा रद्द करने की मांग कर रहे थे। उनका कहना है कि परीक्षा में जितने अभ्यर्थी सफल हुए हैं उनमें से 48 प्रतिशत अभ्यर्थी एक ही केंद्र के हैं। अभ्यर्थियों ने परिणामों में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। 

 

  

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed