Edinbox Hindi

स्कूल आने-जाने के लिए छात्राओं को हर साल 3000 से 5400 रुपये भत्ता देगी राजस्थान सरकार 

राजस्थान के ग्रामीण इलाकों में स्थित स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं को अब सरकार की तरफ से स्कूल आने-जाने के लिए किराए के रूप में भत्ता दिया जाएगा। इसे ट्रांसपोर्ट वाउचर योजना (Transport Voucher Scheme) नाम दिया गया है। स्कूल शिक्षा परिषद (School Education Council) ने नया शिक्षा सत्र शुरू होने के साथ ही ट्रांसपोर्ट वाउचर योजना को लेकर दिशानिर्देश भी जारी कर दिए हैं। 

ट्रांसपोर्ट वाउचर योजना के तहत राजस्थान के ग्रामीण इलाकों में सरकारी स्कूलों की 9वीं और 10वीं क्लास की छात्राओं को रोजाना की उपस्थिति के हिसाब से 20 रुपए की ट्रांसपोर्ट वाउचर सुविधा प्रदान की जाएगी। इसका फायदा राज्य की 21 हजार 234 छात्राओं को मिलेगा। पूरे साल स्कूल में उपस्थिति के आधार पर हर छात्रा को अधिकतम 5400 रुपए दिए जाएंगे, जो उसके बैंक खाते में जमा होंगे। इसके लिए किसी भी सूरत में नकद भुगतान नहीं किया जाएगा। इस ट्रांसफर वाउचर योजना का लाभ उन्हीं छात्राओं को मिलेगा जिनके घर से स्कूल की दूरी 5 किलोमीटर या उससे ज्यादा है।  

शिक्षा विभाग का कैलेंडर शिविरा पंचांग के हिसाब से कार्य दिवसों की गणना के आधार पर ट्रांसपोर्ट वाउचर की राशि को स्वीकृति प्रदान की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी संस्था यानी स्कूल के हेड की होगी। सिर्फ वही छात्राओं की प्रेजेन्स की डिटेल के आधार पर अपनी रिपोर्ट देंगे, जिसके आधार पर छात्राओं को राशि मिलेगी।  इस स्कीम का फायदा मॉडल स्कूलों में पढ़ने वाली स्टूडेन्ट्स को भी मिलेगा। शिक्षा परिषद की तरफ से अभी 9वीं और 10वीं क्लास की छात्राओं के लिए ही इस योजना को जारी किया गया है। 11वीं और 12वीं कक्षा की छात्राएं फिलहाल इस स्कीम से बाहर हैं। 

इसके अलावा रूरल एरिया के सरकारी स्कूलों में एडमिशन लेने वाले पहली से आठवीं क्लास के छात्र व छात्राएं, दोनों को ही इस योजना से लाभान्वित किया जाएगा। उनके लिए घर से स्कूल की दूरी के आधार पर राशि तय की गई है। उन बच्चों के लिए पहली से पांचवीं तक एक किलोमीटर और छठी से आठवीं तक दो किलोमीटर घर से स्कूल की दूरी होने पर रोजाना 10 से 15 रुपए के वाउचर दिए जाएंगे। इन कक्षाओं के पात्र विद्यार्थियों को पूरे शिक्षा सत्र में अधिकतम 3 हजार रुपए ही स्वीकृत होंगे। 

ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं के लिए सरकार की ये बेहतरीन योजना है। इससे उन छात्राओं को फायदा मिलेगा जो घर से स्कूल की दूरी ज्यादा होने की वजह से शिक्षा ग्रहण नहीं कर पातीं। इस योजना को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं और नए शिक्षा सत्र में पात्र छात्राओं को ट्रांसपोर्ट वाउचर योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed