
ऐडटेक यूनिकॉर्न अनएकेडमी (Unacademy) ने करीब 250 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। इनमें से करीब 100 एम्प्लॉइज कंपनी के बिजनेस डेवलपमेंट और मार्केटिंग टीम के लिए काम कर रहे थे। वहीं, करीब 150 लोग सेल्स डिपार्टमेंट से थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी ने यह फैसला रिस्ट्रक्चरिंग के चलते लिया है।
अनएकेडमी (Unacademy) ने एक बयान में कहा, ‘कंपनी के संचालन को सुव्यवस्थित करने और बिजनेस एफिसिएंसी बढ़ाने के हमारे निरंतर प्रयास के हिस्से के रूप में हमने रिस्ट्रक्चरिंग की है। कंपनी के लक्ष्यों और विजन को ध्यान में रखते हुए यह जरूरी था। यह सस्टनेबल ग्रोथ और प्रॉफिटेबिलिटी के लिए भी जरूरी था, जिसके चलते कुछ भूमिकाएं प्रभावित हुई हैं।’
अनएकेडमी (Unacademy) में पिछले 2 साल में कई दौर की छंटनी हो चुकी है। अप्रैल 2022 में कंपनी के कर्मचारियों की संख्या 6000 से ज्यादा थी, जो अब कम होकर 2000 तक रह गई है। करीब एक महीना पहले कंपनी के को-फाउंडर और चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर हिमेश सिंह ने खुद को एग्जीक्यूटिव रोल से एडवाइजरी रोल के लिए शिफ्ट कर लिया था।
गौरतलब है कि अनएकेडमी (Unacademy) की स्थापना गौरव मुंजाल, रोमन सैनी और हेमेश सिंह ने 2015 में की थी। यह कॉम्पिटिटिव एग्जाम के लिए ऑनलाइन तैयारी कराती है। कंपनी ने अब तक 877 मिलियन डॉलर (करीब 7,318 करोड़ रुपए) का फंड जुटाया है। पिछली बार कंपनी ने अगस्त 2021 में टेमासेक, जनरल अटलांटिक और अन्य से 440 मिलियन डॉलर (करीब 3,672 करोड़ रुपए) का फंड जुटाया था। तब उसकी वैल्यूएशन 3.4 बिलियन डॉलर (करीब 28,379 करोड़ रुपए) थी।
स्टैटिस्टा की 26 सितंबर 2023 की रिपोर्ट के मुताबिक, अनएकेडमी (Unacademy) के 1.3 करोड़ से ज्यादा ऑनलाइन यूजर्स हैं। सबसे ज्यादा बायजूस के 15 करोड़ यूजर्स हैं। इसके अलावा वेदांतु के 3.5 करोड़ और अपग्रेड के 20 लाख यूजर्स हैं।




Add comment