
दक्षिण कोरिया में नगर निगम में काम करने वाले एक रोबोट ने ‘आत्महत्या’ कर ली है। रोबोट की खुदकुशी से दुखी स्थानीय लोग अब शोक मना रहे हैं। दुनिया में अपनी तरह का यह अनोखा मामला है।
अफसरों की विशेष टीमें जांच करने के लिए लगाई गई है कि आखिर रोबोट के साथ आखिरी वक्त में हुआ क्या? मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह रोबोट एक सिविल सर्वेंट की तरह दक्षिण कोरिया की गुमी सिटी काउंसिल में काम करता था। यह देश का पहला रोबोट था, जो कर्मचारियों की तरह काम पर लगाया गया था, इसलिए यह लोगों के बेहद करीब था। लोग उसे बहुत प्यार करते थे क्योंकि वह उनकी काफी मदद किया करता था। उसके कारनामे खूब मशहूर थे। उसे ‘रोबोट सुपरवाइज़र’ के नाम से जाना जाता था। अफसरों का कहना है कि तीन दिनों पहले शाम तकरीबन 4 बजे 2 मीटर ऊंची सीढ़ी से नीचे गिरने के बाद वह निष्क्रिय हो गया। काउंसिल बिल्डिंग की पहली और दूसरी मंजिल के बीच सीढ़ी में कुचला हुआ पाया गया।
नगर परिषद के एक अधिकारी ने कहा, घटना से पहले उसे रहस्यमय तरीके से एक ही स्थान पर चक्कर लगाते हुए देखा गया। ऐसा लग रहा था कि जैसे वहां पर कुछ था, लेकिन यह नीचे कैसे गिरा, इसकी जांच की जा रही है। विशेष जांच टीम ने टुकड़े एकत्र कर लिए हैं और कंपनी द्वारा उनका विश्लेषण किया जा रहा है। लोग उससे इतना प्यार इसलिए करते थे क्योंकि यह स्थानीय निवासियों को कई तरह के सरकारी कागज पहुंचाया करता था। लोगों को जानकारियां देता था। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर जैसे ही रोबोट के आत्महत्या की खबर फैली, लोग निराश हो गए। कई लोगों ने सवाल पूछा, काफी मेहनती इस अफसर ने ऐसा क्यों किया? क्या उसे काफी कठिन काम दे दिया गया था? कई लोगों ने टिप्पणी की, अगर काम का बोझ बहुत अधिक होता, तो क्या वह लंबे समय तक इधर-उधर घूमता और फिर सीढ़ियों से नीचे उतर जाता? एक ने कहा, मैं तो प्रार्थना करता हूं कि उसकी आत्मा को शांति मिले।
‘रोबोट सुपरवाइज़र’ को अगस्त 2023 में नियुक्त किया गया था। यह पहला रोबोट था, जिसे अधिकारी के तौर पर नियुक्त किया गया था। कैलिफोर्निया के रोबोट-वेटर स्टार्टअप, बियर रोबोटिक्स ने इसे बनाया था। यह रोबोट रोज सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक काम करता था। किसी भी फ्लोर पर जा सकता था। दक्षिण कोरिया में रोबोट का खूब इस्तेमाल होता है। यहां हर 10 कर्मचारी पर एक रोबोट तैनात है। उसके पास बा कायदा सिविल सेवा अधिकारी का कार्ड था। जहां अन्य रोबोट केवल एक मंजिल में फर्श पर काम करते हैं, वहीं यह रोबोट लिफ्ट चला सकता था।




Add comment