
CUET UG 2024: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने सीयूईटी यूजी (CUET UG) परीक्षा की आंसर-की जारी कर दी है। छात्र नौ जुलाई तक अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। लेकिन नीट यूजी (NEET UG ) की तरह इस परीक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। कई छात्रों ने परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप लगाया है और इसे रद्द करने व दोबारा परीक्षा कराने की मांग की है। इस पर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने कहा है कि शिकायत सही मिलने पर परीक्षा का दोबारा आयोजन कराया जा सकता है।
एनटीए ने कहा कि अगर छात्रों की शिकायत सही पाई गई तो 15 से 19 जुलाई तक इसे फिर से कराया जा सकता है। एनटीए ने स्नातक प्रवेश परीक्षा के लिए आंसर शीट जारी कर दी है। इससे पता चलता है कि एजेंसी नतीजे घोषित करने की तैयारी कर रही है। लेकिन इस बीच तमाम अभ्यर्थियों ने परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए इसे रद्द करने व परीक्षा दोबारा कराने की मांग कर दी है।
एनटीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, छात्र नौ जुलाई शाम छह बजे तक आंसर शीट को लेकर अपने सवाल हमारे सामने रख सकते हैं। उनकी जो भी जिज्ञासा होगा, उसका समाधान किया जाएगा। 30 जून तक हमें जो शिकायतें मिली हैं, हम उनकी जांच कर रहे हैं। अगर एक भी शिकायत सही पाई गई, तो एनटीए दोबारा परीक्षा कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
बता दें कि कई अभ्यर्थियों ने दावा किया है कि कुछ परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी समस्याएं थीं, जिससे समय की बर्बादी हुई। एजेंसी के अधिकारी ने कहा कि उम्मीदवारों की शिकायतों का विश्लेषण विशेषज्ञों का दल कर रहा है। इसके अलावा उत्तर कुंजी में संशोधन के बाद परिणाम घोषित किया जाएगा।




Add comment