
NEET UG Paper Leak Row: मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी 2024 पेपर लीक मामले में सीबीआइ ने महाराष्ट्र के लातूर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) में कथित ‘हेरफेर’ करने के आरोप में गिरफ्तार शख्स का नाम नंजुनेथप्पा जी है। इस मामले में सीबीआइ द्वारा अबतक नौ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
सीबीआई अधिकारियों का कहना है कि लातूर के दो सरकारी स्कूल के शिक्षकों ने नीट-यूजी अभ्यर्थियों से परीक्षा में उनकी सफलता सुनिश्चित करने के लिए पांच लाख रुपये से अधिक की मांग की थी। इस मामले की जांच पहले महाराष्ट्र पुलिस कर रही थी।
अधिकारियों ने कहा कि सीबीआइ ने अब तक बिहार से पेपर लीक मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है और लातूर और गोधरा में हेराफेरी के मामले में एक-एक और सामान्य साजिश के सिलसिले में देहरादून से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
केंद्र ने पांच मई को आयोजित परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर बड़े पैमाने पर उठे विवाद के बाद सीबीआई को प्रकरण की जांच करने की जिम्मेदारी दी थी। मामले में सीबीआइ ने छह एफआइआर दर्ज की हैं। बिहार की एफआइआर पेपर लीक से संबंधित है, जबकि गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र की शेष एफआइआर धोखाधड़ी से संबंधित हैं।
नीट-यूजी का आयोजन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने किया था और इसके जरिये सरकारी और निजी संस्थानों में एमबीबीएस, बीडीएस, आयुष और अन्य संबंधित पाठ्यक्रमों में छात्रों को प्रवेश मिलता है। इस साल पांच मई को दूसरे देश के 14 शहरों सहित 571 शहरों में फैले 4,750 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा कराई गई थी और 23 लाख से अधिक अभ्यार्थियों ने यह परीक्षा दी थी।




Add comment