
नीट यूजी पेपर लीक मामले को लेकर सीबीआई लगातार एक्शन मोड में नजर आ रही है। अब इस मामले में सीबीआई ने बिहार से दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में पहला व्यक्ति सन्नी खुद एक अभ्यर्थी है जबकि दूसरा रंजीत नाम का शख्स किसी अन्य परीक्षार्थी का पिता है। गिरफ्त में आया एक आरोपी सन्नी कुमार नालंदा जबकि दूसरा आरोपी रंजीत मूल रूप से गया का रहने वाला है। दोनों की गिरफ्तारी पटना के कंकड़बाग से हुई है। इन दोनों पर पेपर लीक करवाने में शामिल होने का आरोप है।
नीट यूजी पेपर लीक मामले की जांच आर्थिक अपराध इकाई से सीबीआई के पास आने के बाद से सीबीआई की टीम पटना में ही है। जांच एजेंसी की आरोपियों से पूछताछ के साथ अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिशें भी जारी हैं। जांच एजेंसी ने अपनी कार्रवाई के दौरान इससे पहले नौ लोगों को गिरफ्तार किया था। इसी कड़ी में अब पटना के कंकड़बाग में सीबीआई टीम ने पेपर लीक मामले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया। इस तरह सीबीआई पेपर लीक मामले में अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में एक नीट यूजी पेपर देने वाला परीक्षार्थी है तो दूसरा परीक्षा देने वाले छात्र का पिता है। सीबीआई को इन दोनों लोगों के बारे में पूछताछ के दौरान जानकारी मिली थी। इनके पटना के कंकड़बाग में छिपे होने की जानकारी थी। जिसके बाद जांच एजेंसी ने कंकड़बाग में इनके ठिकाने पर धावा बोल इन्हें अपनी गिरफ्त में ले लिया। गिरफ्त में आया एक आरोपी सन्नी कुमार नालंदा जबकि दूसरा आरोपी रंजीत मूल रूप से गया का रहने वाला है। रंजीत ने नीट परीक्षा में अपने बेटे की सेटिंग करायी थी। रंजीत का बेटा गिरफ्तार नहीं हुआ है।
केंद्र सरकार ने 5 मई को आयोजित परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर बड़े पैमाने पर उठे विवाद के बाद सीबीआई को प्रकरण की जांच करने की जिम्मेदारी दी थी। सीबीआई ने इस मामले में छह एफआईआर दर्ज की हैं। बिहार में दर्ज एफआईआर पेपर लीक होने से जुड़ा है जबकि गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र में दर्ज एफआईआर अभ्यर्थियों की जगह पर दूसरे शख्स के परीक्षा देने और हेरफेर से जुड़ा है।




Add comment