Edinbox Hindi

नाइजीरिया में गिरी स्कूल की बिल्डिंग, 22 छात्रों की मौत

नाइजीरिया में गिरी स्कूल की बिल्डिंग, 22 छात्रों की मौत

नाइजीरिया में एक स्कूल का दो मंजिला भवन ढह गया। इस हादसे में 22 छात्रों की मौत हो गई। हादसे के समय स्कूल में परीक्षा चल रही थी। यह हादसा प्लैटो राज्य के जोस शहर में हुआ।

नाइजीरिया की राष्ट्रीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी (एनईएमए) ने बताया कि हादसे में 30 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्लैटो राज्य की सरकार का कहना है कि हादसे के बाद मौके पर करीब 154 लोग फंसे हुए थे। राहत और बचाव कर्मियों ने अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए फंसे 154 लोगों में से 132 लोगों को रेस्क्यू ऑपरेशन कर बाहर निकाल लिया।  इस घटना में घायल हुए 30 लोग अभी भी हास्पिटल में भर्ती हैं, जिनका वहां इलाज चल रहा है। राज्यपाल कालेब मनश्शे मुतफवांग ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सेंट एकेडेमिक स्कूल के छात्रों और कर्मचारियों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।   

राज्य सरकार का कहना है कि हादसे से बचा जा सकता था। दावा किया गया है कि विद्यालय का भवन जर्जर हो चुका था लेकिन, इसकी मरम्मत नहीं की गई। राज्यपाल ने बताया कि अस्पताल में भर्ती किए गए लोगों के परिवारों से दस्तावेज और इलाज का खर्च ना मांगा जाए। इसके अलावा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि राज्य में जर्जर हो चुके विद्यालयों को जल्द से जल्द बंद किया जाए।

इससे पहले भी नाइजीरिया में इमारतें ढहने से कई लोगों की मौत हो चुकी है। वर्ष 2021 में नाइजीरिया के लागोस में एक इमारत ढह गई थी। इस हादसे में 45 लोगों की मौत हो गई थी। इसके एक वर्ष बाद लागोस में ही तीन मंजिला इमारत ढह गई थी। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई थी।

अफ्रीका के देशों में इमारत गिरने की घटना कोई नई नहीं है। इसके पीछे वजह है एक तो अफ्रीका के देशों में जो बिल्डिंग बनाने के मानक हैं, वो लचीले हैं, साथ ही सुरक्षा को लेकर भी वहां सजगता नहीं है। इसके अलावा वहां के देशों में भवन बनाने में जिस मटेरियल का इस्तेमाल किया जाता है, उसकी गुणवत्ता भी निम्न स्तर की होती है। इस वजह से बिल्डिंग बेजान रहती है और हादसे का कारण बनती हैं।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed