
तमिलनाडु राज्य में सरकारी स्कूल के छात्रों को मिड-डे मील के साथ नाश्ता भी दिया जाएगा। तमिलनाडु के प्राथमिक विद्यालय के बच्चों के लिए सरकारी सहायता प्राप्त निजी स्कूलों में आज नाश्ता योजना के विस्तार का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने तिरुवल्लूर जिले के सेंट ऐनी स्कूल में योजना का उद्घाटन करते हुए बच्चों के साथ बैठकर उन्हें खाना परोसा और उनके साथ खाना भी खाया।
योजना का विस्तार दिवंगत मुख्यमंत्री के कामराज की जयंती को भी दर्शाता है, जिसे राज्य सरकार द्वारा ‘कालवी वलार्ची नाल’ (शिक्षा विकास दिवस) के रूप में मनाया जाता है। सरकार ने कहा कि इस कदम से राज्य भर के 3,995 सरकारी सहायता प्राप्त प्राथमिक विद्यालयों के 2,23,536 बच्चों को लाभ होगा।
जब मुख्यमंत्री ने 15 सितंबर, 2022 को नाश्ता योजना का उद्घाटन किया, तो 1,545 सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 1 से 5 तक के 1.14 लाख छात्रों को इस योजना के तहत कवर किया गया था। 25 अगस्त, 2023 को राज्य भर में योजना के विस्तार के साथ सभी 30,992 राज्य संचालित प्राथमिक विद्यालयों में लगभग 18.50 लाख छात्रों को पहल के दायरे में लाया गया।
सहायता प्राप्त विद्यालयों को योजना के दायरे में लाने से कुल मिलाकर लगभग 21.87 लाख विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। साथ ही यह योजना सरकारी और राज्य सहायता प्राप्त प्राथमिक विद्यालयों दोनों में चालू होगी।
सोमवार को बच्चों को नाश्ते में उपमा दिया जाएगा। इसमें रवा उपमा के साथ सब्जी सांबर या फिर चावल उपमा और गेहूं रवा उपमा और सेंवई के साथ सब्जी सांबर परोसी जाएगी। मंगलवार को नाश्ते में खिचड़ी परोसी जाएगी। खिचड़ी मेन्यू में बच्चों को रवा वेजिटेबल खिचड़ी या सेंवई वेजिटेबल खिचड़ी या ज्वार खिचड़ी या गेहूं परोसी जाएगी।बुधवार पोंगल टाइप नाश्ता किया जाएगा। इस दिन बच्चों को रवा पोंगल के साथ वेजिटेबल सांभर या सिर्फ प्लेन पोंगल के साथ वेजिटेबल सांभर परोसी जाएगी। गुरुवार के दिन सोमवार का मेन्यू रिपीट किया जाएगा। शुक्रवार को बच्चों को नाश्ते में कुछ मीठा परोसा जाएगा। इस दिन बच्चों को मीठा पोंगल, रवा कसेरी या सेंवई केसरी परोसी जाएगी। स्थानीय रूप से उपलब्ध बाजरा आधारित नाश्ते का उपयोग हफ्ते में कम से कम 2 दिन किया जा सकता है. इससे हर बच्चे को लगभग 293.40 कैलोरी, 9.85 ग्राम प्रोटीन, 5.91 ग्राम वसा, 1.64 ग्राम आयरन और 20.41 ग्राम कैल्शियम मिलेगा।




Add comment