
एसएससी की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को अब कोचिंग के लिए मोटी फीस देने और बड़े-बड़े कोचिंग संस्थानों के चक्कर काटने की जरुरत नहीं है। आईआईटी कानपुर से वे निशुल्क एसएससी की तैयारी कर सकते हैं। जी हां, आईआईटी कानपुर ने एससी की कोचिंग के लिए खास साथी ऐप लॉन्च किया है जिसकी मदद से बच्चे एसएससी से जुड़े पाठ्यक्रम को पढ़ सकेंगे।
आईआईटी कानपुर अभी तक साथी एप के जरिए JEE और मेडिकल की तैयारी बच्चों को करा रहा है। देश भर से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं आईआईटी कानपुर की इस पहल से जुड़ चुके हैं। अब आईआईटी कानपुर देशभर में बड़ी संख्या में एसएससी की तैयारी करने वाले बच्चों को देखते हुए निशुल्क एसएससी की तैयारी कराने जा रहा है। इसके लिए यह ऐप लॉन्च किया गया है जिसके जरिए छात्र अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं और इसके माध्यम से उन्हें निशुल्क कोचिंग मिलेगी।
इस साथी ऐप को एसएससी की तैयारी करने के लिए इस हिसाब से डिजाइन किया गया है कि बच्चे न सिर्फ पाठ्यक्रम को पढ़ेंगे बल्कि उनके पास मॉक टेस्ट देने का भी मौका रहेगा। इसके साथ ही बच्चे अगर रिवीजन करना चाहेंगे तो इसमें वह रिवीजन भी कर सकेंगे। यह एक प्रकार की उनके लिए डिजिटल कोचिंग होगी जो उन्हें निशुल्क मिलेगी और इसका इस्तेमाल वह किसी भी समय किसी भी जगह से कर सकेंगे।
बता दें कि आईआईटी कानपुर द्वारा लगातार शिक्षा मंत्रालय के निर्देश पर इस एप के जरिए मेधावी और गरीब छात्रों के लिए पाठ्यक्रम और विशेष कोचिंग उपलब्ध कराई जा रही है ताकि गरीब और मेधावी बच्चों को महंगी कोचिंगों के चक्कर न लगाने पड़े और उन्हें घर बैठे ही विशेषज्ञों द्वारा कोचिंग मिल सके और वह प्रतियोगी परीक्षाओं में अच्छा प्रदर्शन कर सकें।




Add comment