Edinbox Hindi

IIT इंदौर कैंपस के स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, ISI के नाम से आया मेल

मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कैम्पस में स्थित सेंट्रल स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ईमेल में कहा गया है कि स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को स्कूल को बम से उड़ा दिया जाएगा। धमकी भरा ईमेल स्कूल प्रिंसिपल की ऑफिशियल आईडी पर आया था। ई-मेल में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI का नाम भी लिखा हुआ था। मेल पढ़ने के बाद प्रिंसिपल दंग रह गईं। फौरन उन्होंने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

दरअसल शहर के सिमरोल स्थित आईआईटी कैंपस के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। इसे लेकर विद्यालय प्रबंधन ने शनिवार सुबह सिमरोल पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। डीएसपी (हेडक्वार्टर) उमाकांत चौधरी ने कहा कि सिमरोल पुलिस थाने को विद्यालय प्रबंधन की ओर से शिकायत मिली है। स्कूल को जो ईमेल भेजा गया है, वह पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेस इंटेलिजेंस (आईएसआई) के नाम पर बने आईडी से भेजा गया है। स्कूल के आधिकारिक ईमेल पते पर यह धमकी भरा मेल मिला है। ईमेल भेजने वाले ने धमकी दी है कि स्कूल कैम्पस को 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) पर बम से उड़ा दिया जाएगा। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। 

धमकी मिलने के बाद आईआईटी कैंपस की सिक्योरिटी भी बढ़ा दी गई। अनजान लोगों की कैंपस में एंट्री बंद कर दी गई। साथ ही आने-जाने वाले को भी आईडी कार्ड दिखाने पर ही एंट्री मिल रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बम डिस्पोजल और डॉग स्क्वाड की एक टीम को भी पुलिस मुख्यालय से आईआईटी के लिए भेजा गया। 

डीएसपी उमाकांत चौधरी के मुताबिक पिछले कुछ महीनो में बम ब्लास्ट की धमकियां एयरपोर्ट, स्कूल और हॉस्पिटल को मिली है, लेकिन वे सभी खोखली धमकियां साबित हुई है। ई-मेल कर धमकी देने वालों को पकड़ा भी जाता रहा है, लेकिन फिर भी इस धमकी को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। ई-मेल भेजने वाले को ई मेल आईडी के आधार पर तलाश कर गिरफ्तार करेंगे। टीम को आईआईटी में जांच के लिए भेजा गया है। सिमरोल पुलिस थाना प्रभारी अमित कुमार ने भी कहा कि हमें लिखित शिकायत मिली है और हमारी टीम इस मामले की जांच कर रही है। 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed