
इथियोपिया में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में अब तक 229 लोगों की मौत हो चुकी है। स्थानीय प्रशासक दागमावी आयेले ने कहा, दक्षिणी इथियोपिया के केंचो शाचा गोजदी जिले में मिट्टी धंसने की घटना में मारे गए लोगों में बच्चे और गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं।
भूस्खलन में कई लोग अब भी लापता हैं, जिनके जीवित होने की संभावना बहुत कम है। हालांकि मलबे से कई लोगों को जीवित भी निकाला गया है। कई बच्चे हादसे में अपनी मां, पिता, भाई और बहन समेत पूरे परिवार को खो चुके हैं तथा लाशों से लिपट कर रो रहे हैं। मृतक संख्या और बढ़ सकती है।
गोफा जोन के संचार कार्यालय के प्रमुख कासाहुन अबेयनेह ने बताया कि इलाके में तलाश अभियान जारी रहने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ रही है। गोफा जोन वह प्रशासनिक इलाका है जहां भूस्खलन हुआ है। ज्यादातर लोग सोमवार सुबह हुए भूस्खलन में दब गए। उस समय बचावकर्मी एक दिन पहले हुए एक अन्य भूस्खलन के बाद पीड़ितों की तलाश कर रहे थे। भूस्खलन से स्कूल की इमारतें भी ज़मींदोज़ हुई हैं।
इथियोपिया में जुलाई में शुरू होने वाले बारिश के मौसम में भूस्खलन होना आम है। बारिश का यह मौसम सितंबर मध्य तक जारी रहने की संभावना है। संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय के अनुसार दक्षिणी इथोपिया देश के उन क्षेत्रों में से है जो हाल के महीनों में विशेष रूप से भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इससे पहले मई 2016 में देश के दक्षिणी हिस्से में भारी बारिश के बाद बाढ़ और भूस्खलन में कम से कम 50 लोग मारे गए थे।




Add comment