
नीट पेपर लीक का मामला पूरे देश में गर्माया हुआ है। इस मामले को लेकर सरकार और विपक्ष आमने-सामने हैं। इस बीच राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने नीट परीक्षा के मुद्दे को लेकर बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुझे इस बात की खुशी है कि देश में नीट का मुद्दा ज्वलंत इश्यू बन चुका है, जिसे राहुल गांधी ने लोकसभा में उठाया था।
पायलट ने कहा कि देश में परीक्षा पास करके नौकरी पाना बहुत कठिन, जटिल, मेहनत वाला काम है। जब एक बच्चा परीक्षा की तैयारी करता है तो उसका परिवार भी उसके साथ मेहनत करता है। चंद नौकरियों के लिए लाखों बच्चे परीक्षा देते हैं। कितना कॉम्पिटिशन होता है। बच्चों के मां-बाप क्या-क्या यातनाएं झेलकर बच्चों को परीक्षा में मदद करते हैं। लेकिन, देश में पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आती हैं तो इससे बच्चों और उनके अभिभावकों की सारी उम्मीदों पर पानी फिर जाता है। ऐसे मामलों में सरकार के पास कोई जवाब नहीं होता है, वो अंधी-बहरी हो जाती है।
पायलट ने कहा कि हम सभी को इस बारे में जवाब तलाशना चाहिए कि ये पेपर लीक करवाने वाले कौन हैं? केवल कागजी कार्रवाई और भाषणों से मदद नहीं मिलेगी, आपको उन लोगों को पकड़ने की जरूरत है जो पर्दे के पीछे बैठे इसमें शामिल हैं। हमें देश के उन लोगों को मजबूर करना पड़ेगा, जो सत्ता में रहते हुए इस घिनौने अपराध को बर्दाश्त करते हैं। इस अपराध को बर्दाश्त करने वाले उतने ही जिम्मेदार हैं जितना करने वाला।




Add comment