
नीट-यूजी के लिए काउंसलिंग 14 अगस्त से शुरू होगी। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी यानी एमसीसी (MCC) ने बाकायदा एक नोटिस जारी कर यह जानकारी दी है। काउंसलिंग प्रक्रिया में देश के करीब 710 मेडिकल कॉलेजों की 1.10 लाख एमबीबीएस सीटों का आवंटन छात्रों को किया जाएगा।
नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) के सचिव डॉ. बी श्रीनिवास ने बताया कि काउंसलिंग प्रक्रिया के लिए पंजीकरण की शुरुआत अगस्त के पहले सप्ताह से संभव है। उन्होंने कहा कि छात्र इस बीच नियमित एमसीसी की वेबसाइट और नए जारी होने वाले नोटिसों पर ध्यान दें। काउंसलिंग प्रक्रिया के दौरान बीडीएस की 21 हजार सीटों के साथ आयुष और नर्सिंग की सीटों का भी आवंटन होगा। एमसीसी देश के सभी कॉलेजों की 15 फीसदी आरक्षित सीटों के साथ एम्स, जेआईपीएमईआर पुडुचेरी, सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों और डीम्ड यूनिवर्सिटी की 100 फीसदी सीटों पर काउंसलिंग करेगा।
मालूम हो कि नीट-यूजी परीक्षा को लेकर सुप्रीम कोर्ट में चली सुनवाई और अंतिम फैसले के बाद एनटीए ने शुक्रवार को अंतिम नतीजा जारी किया था। नीट यूजी में 23 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए थे। नीट यूजी के रिवाइड रिजल्ट में 17 टॉपर्स हैं, जबकि पहले 61 टॉपर्स थे। परीक्षा के लिए कुल 24,06,079 ने पंजीकरण कराया था, जिसमें से 23,33,162 उपस्थित हुए हुए थे। एनटीए ने बताया कि पास होने वाले कुल उम्मीदवारों की संख्या 13,15,853 है।
नीट यूजी काउंसिलिंग में भाग लेने जा रहे स्टूडेंट्स को क्लास 10th एवं 12th की मार्कशीट और प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), वैध पहचान प्रमाण, रंगीन पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ, स्कैन किये हुए हस्ताक्षर, ट्रांसफर सर्टिफिकेट, दिव्यांग प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) की आवश्यकता होगी।




Add comment