
इंटरनेशनल मैथेमेटिक्स ओलंपियाड के बाद अब 54वें इंटरनेशनल फिजिक्स ओलंपियाड में भी भारत ने सफलता का परचम लहराया है। भारत को फिजिक्स ओलंपियाड में 2 गोल्ड और 3 सिल्वर मेडल के साथ चौथी रैंक हासिल हुई है। भारत को यह उपलब्धि 5 होनहार छात्रों ने दिलाई जो जेईई एडवांस्ड परीक्षा के भी टॉपर रहे हैं। 2023 के ओलंपियाड में भारत ने ताइवान व रोमानिया के साथ संयुक्त रूप से पांचवां स्थान हासिल किया था।
बता दें कि इस साल इंटरनेशनल फिजिक्स ओलंपियाड का आयोजन ईरान के शहर इस्फ़हान में हुआ था। जिन पांच छात्रों ने भारत को मेडल दिलाए, उनमें रिदम केडिया छत्तीसगढ़ के हैं, वेद लाहोटी एमपी से हैं, आकर्ष राज सहाय महाराष्ट्र के हैं, भव्य तिवारी उत्तर प्रदेश के हैं और जयवीर सिंग राजस्थान के हैं। रायपुर के रिदम केडिया और इंदौर के वेद लाहोटी ने स्वर्ण पदक जीते। वहीं, नागपुर के आकर्ष राज सहाय, नोएडा की भव्या तिवारी और कोटा के जयवीर सिंह ने रजत पदक जीता।
वेद लाहोटी को जईई एडवांस्ड में रैंक 1 मिला था जबकि रिदम केडिया को ऑल इंडिया रैंक 4 मिला था। भव्य तिवारी को एआईआर 19 और जयवीर सिंह को AIR 89 रैंक प्राप्त हुए हैं। इस साल भारत के डेलिगेशन का नेतृत्व प्रो. दीपक गर्ग (डीएवी कॉलेज, चंडीगढ़) और डॉ. शिरीष पठारे (एचबीसीएसई, टीआईएफआर) ने किया था। प्रो. एसी बियानी व प्रो. विवेक भिड़े वैज्ञानिक पर्यवेक्षक थे। इस बार कई पश्चिमी देश ओलंपियाड से दूर रहे।
इंटरनेशनल फिजिक्स ओलंपियाड में पहला स्थान चीन ने दूसरा स्थान रूस ने और तीसरा स्थान रोमानिया ने प्राप्त किया। भारत के साथ-साथ वियतनाम ने भी चौथा स्थान प्राप्त किया। फिजिक्स ओलंपियाड में कुल 139 मेडल मिले, जिसमें 18 गोल्ड मेडल, 35 सिल्वर मेडल और 53 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। इस ओलंपियाड में छात्रों को 3 प्रॉब्लम को सॉल्व करने के लिए 5 घंटे का समय दिया गया था। 21 से 29 जुलाई तक चली प्रतियोगिता में 43 देशों के कुल 193 छात्रों ने भाग लिया।




Add comment