Edinbox Hindi

दिल्ली में यूपीएससी की तैयारी कर रही छात्रा ने की आत्महत्या

दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में संघ लोकसेवा आयोग (यूपीएससी) की तैयारी करने वाले तीन छात्रों की मौत का मामला अभी शांत नहीं हुआ है। इस बीच यूपीएससी की तैयारी कर रही एक छात्रा की आत्महत्या का मामला सामने आया है। हालांकि आत्महत्या की घटना ओल्ड राजेंद्र नगर में 21 जुलाई को हुई, लेकिन मामला अब मीडिया की जानकारी में आया। दरअसल, दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में किराए के कमरे में रहकर यूपीएससी की तैयारी करने वाली महाराष्ट्र की अंजलि ने बीती 21 जुलाई को खुदकुशी कर ली। उसके पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है जिसने सबको हिलाकर रख दिया।

मृतका के पास से अंग्रेजी में लिखा तीन पन्नों का एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। नोट में अंजलि ने अपना दर्द बयां कर यूपीएससी छात्रों की परेशानियों का जिक्र किया है। अंजलि ने छात्रों पर बढ़ते दबाव और पीजी व हॉस्टल की बढ़ती फीस को छात्रों पर भारी बताया है। नोट में वह खुद के डिप्रेशन में होने की भी बात कर रही है। मृतक अंजलि ने 11 जुलाई को अपनी दोस्त श्वेता से व्हाट्सएप चैट के दौरान यह भी कहा था कि उसके PG का रेंट बढ़ा दिया गया है, इसलिए वह PG छोड़ना चाहती है।  दिल्ली पुलिस का कहना है कि ये मामला उनके संज्ञान में है वो जांच कर रहे हैं।

बताया गया है कि घटना के दिन सुबह के समय छात्रा अंजलि (25) ने अपने पीजी के रूम में पंखे से लटककर खुदकुशी कर ली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। छानबीन के बाद उसका शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बाद में तमाम औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया गया।

महाराष्ट्र के अकोला शहर की रहने वाली अंजलि पिछले करीब चार सालों से दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर इलाके में पीजी में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रही थी। इसके परिवार में माता-पिता व अन्य सदस्य हैं। अंजलि के पिता महाराष्ट्र पुलिस में एएसआई हैं। 21 जुलाई की सुबह परिवार को अंजलि के आत्महत्या करने की बात पता चली।

अंजलि ने डिप्रेशन में आकर आत्महत्या की है और सुसाइड नोट में बताया कि कैसे यूपीएससी के छात्र दबाव में सिविल सेवा की तैयारी करते है। उनकी रोजमर्रा की परेशानियों का जिक्र भी सुसाइड नोट में किया गया है। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि अंजलि यूपीएससी में अपने तीन प्रयास कर चुकी थी, लेकिन उसका चयन नहीं हो पाया था। इसके बाद से वह लगातार डिप्रेशन का शिकार थी। डॉक्टर से इलाज करवाने के बाद भी उसकी तबीयत में सुधार नहीं हो पा रहा था। अपने नोट में अंजलि ने इसका जिक्र किया है।

अंजलि ने अपने सुसाइड नोट में लिखा है ” …मैंने बहुत कोशिश की निकलने की आगे बढ़ने की पर नहीं हो पाया। मैंने बहुत कोशिश की डिप्रेशन से बाहर निकलने की लेकिन संभव नहीं हुआ.. मेरा सिर्फ एक सपना था…. यूपीएससी पहली बार में क्लीयर करने का। आप सब लोगों ने मुझे बहुत स्पोर्ट किया लेकिन अब मुझसे नहीं हो पा रहा है… मैं बहुत असहाय महसूस कर रही हूं और अब मैं जा रही हूं…किरण आंटी थैंक्स … आप हमेशा मेरे साथ खड़ी रही।” आखिर में छात्रा ने एक स्माइल भी सुसाइड नोट में बनाई।  

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed