Edinbox Hindi

यूपी पुलिस कॉन्सटेबल परीक्षा से पहले जरूरी नोटिस जारी, भर्ती बोर्ड ने जनता से मांगी मदद

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने यूपी पुलिस कांस्टेबल परीक्षा 2024 को लेकर एक महत्वपूर्ण नोटिस जारी किया है। इसमें अगस्त में होने वाली यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 2024 के लिए आम जन से मदद मांगी गई है। बोर्ड ने आधिकारिक नोटिस में उम्मीदवारों और अन्य लोगों से कहा है कि वे भर्ती परीक्षाओं की पवित्रता को भंग करने से संबंधित किसी भी प्रयास जैसे पेपर लीक, पेपर खरीदना और बेचना, परीक्षाओं में धोखाधड़ी, सॉल्वर गैंग या किसी अन्य अवांछनीय गतिविधि के बारे में व्हाट्सएप या ईमेल के माध्यम से अधिकारियों को सूचित करें। 

गौरतलब है कि 18-19 फरवरी 2024 को यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा का पेपर लीक हो गया था। इस परीक्षा के लिए करीब 48 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।  इस बार उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड ने कहा है कि वह किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेगा। परीक्षा कराने के लिए खास तैयारियां की जा रही हैं। यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त को फिर से आयोजित की जा रही है। 

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी नोटिस में लिखा है, ‘उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आरक्षी नागरिक पुलिस के पदों पर सीधी भर्ती-2023 की लिखित परीक्षा दिनांक 23, 24, 25 अगस्त 30, 31 अगस्त 2024 को 2 पालियों में आयोजित होगी। भर्ती परीक्षाओं को शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाने हेतु उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड कटिबद्ध है।’ 

निर्देश में आगे लिखा है- ‘भर्ती परीक्षाओं की शुचिता भंग करने संबंधी किसी भी प्रयास की जानकारी यथा- पेपर लीक, पेपर क्रय-विक्रय (खरीद-बिक्री), परीक्षा में नकल, सॉल्वर गैंग अथवा अन्य किसी भी अवांछनीय गतिविधि की जानकारी बोर्ड को निम्न माध्यम से उपलब्ध कराई जा सकती है। अगर आपको यूपी पुलिस पेपर लीक की जानकारी मिलती है तो आप satarkta.policeboard@gmail.com पर मेल या व्हॉट्सऐप नंबर, 9454457951 पर मैसेज कर सकते हैं। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। इससे उसके ऊपर कोई खतरा नहीं आएगा।’ 

बता दें कि यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के जरिए प्रदेश में कांस्टेबल के कुल 60,244 पदों पर भर्तियां होंगी। जल्द ही यूपी पुलिस कॉन्सटेबल परीक्षा के एडमिट कार्ड को जारी किया जाएगा। यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा 2 पालियों में होगी। हर पाली में कुल 5 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षाओं में नकल व पेपर लीक जैसी गतिविधियों को अंजाम देने वालों पर आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान किया गया है। साथ ही 1 करोड़ तक का जुर्माना लगाया जाएगा या दोनों भी हो सकता है। 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed