Edinbox Hindi

डीयू में ईसीए और स्पोर्ट्स कोटे से दाखिले के लिए ट्रायल देना जरूरी, बिना सर्टिफिकेट नहीं होंगे योग्य

दिल्ली विश्वविद्यालय में एक्सट्रा करिकुलर एक्टिविटी (ईसीए) कोटे से दाखिले के लिए ट्रायल 12 अगस्त से 24 अगस्त तक होंगे जबकि स्पोर्ट्स के ट्रायल 20 अगस्त से शुरु होने वाले हैं। इसे लेकर डीयू में एक वेबिनार आयोजित कर इस कोटे से दाखिले के  सम्बन्ध में जानकारी दी गयी। बताया गया कि डीयू में ईसीए और स्पोर्ट्स कोटे से दाखिले के लिए छात्र का ट्रायल में हिस्सा लेना अनिवार्य है। बिना वैध सर्टिफिकेट के छात्र ट्रायल के लिए योग्य नहीं होंगे। एनएसएस और एनसीसी में ट्रायल नहीं होंगे केवल उनके सर्टिफिकेट को देखा जाएगा। सामान्य और ईसीए-स्पोर्ट्स कोटे की सीट का आवंटन अलग-अलग होगा। इनमें से छात्रों के लिए जो बेहतर हो उसका चयन करना होगा। 

वेबिनार में दोनों कोटे के दाखिलों को लेकर ईसीए दाखिला समिति संयोजक डॉ दीप्ति तनेजा व दिल्ली यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स काउंसिल निदेशक डॉ अनिल कलकल की ओर से जानकारी व छात्रों के सवालों के जवाब दिए गए। डीयू में ईसीए और स्पोर्ट्स श्रेणी में दाखिले के लिए मेरिट लिस्ट तैयार करने के लिए कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेस टेस्ट(सीयूईटी) 2024 के स्कोर, छात्रों के सर्टिफिकेट और ट्रॉयल के अंकों को देखा जाएगा। ईसीए के लिए इसमें 25 फीसदी वेटेज सीयूईटी व 75 फीसदी सर्टिफिकेट व ट्रायल की होगी। इनमें 60 फीसदी वेटेज ट्रायल व 15 फीसदी सर्टिफिकेट की है। 

एनसीसी और एनएसएस में केवल प्रमाणपत्रों के 75 फीसदी अंकों को और 25 फीसदी सीयूईटी स्कोर को देखा जाएगा। जबकि स्पोर्ट्स में 25 फीसदी सीयूईटी स्कोर, 25 फीसदी सर्टिफिकेट व 50 फीसदी वेटेज ट्रायल की होगी। ईसीए के ट्रायल में छात्र को 75 में से कम से कम 30 अंक लाना जरूरी है। इसी तरह से स्पोर्ट्स के ट्रायल में 400 में से 200 अंक लाने होंगे।

ईसीए के लिए इस बार रिकॉर्ड 11, 700 पंजीकरण हुए, इसलिए दाखिले की रेस कठिन होने वाली है। बीते साल ईसीए श्रेणी के लिए कुल 9, 858 छात्र-छात्राओं ने आवेदन  किया था। वहीं वर्ष 2022 में 6 हजार से अधिक आवेदन किए गए थे। डीयू का मानना है कि ईसीए कोटे से दाखिले के संबंध में जागरूकता की वजह से साल दर साल इस कोटे में पंजीकरण की तादाद बढ़ रही है।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed