
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक युवती ने सुसाइड कर लिया। युवती की उम्र 22 साल थी और वह स्टूडेंट थी। NEET एग्जाम में मिली असफलता के बाद वह डिप्रेशन में चल रही थी। यह नाकामयाबी उसके जहन में इस कदर घर कर गई कि उसने अपने घर में ही छत की कुंडी से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। सुबह भाई दूसरी मंजिल पर कमरे में सो रही बहन को जगाने पहुंचा तो वह फंदे से लटकी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
गोरखपुर में कैंट थाना क्षेत्र के सिंघड़िया चौराहा की रहने वाली छात्रा ने शनिवार की रात अपने घर की दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में छत की कुंडी में साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या की। छात्रा नीट की तैयारी कर रही थी। दो बार उसे असफलता मिल चुकी थी। परिवारीजन आत्महत्या की वजह परीक्षा में असफलता मान रहे हैं। हालांकि, पुलिस की जांच में कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने छात्रा का मोबाइल कब्जे में लिया है।
जानकारी के मुताबिक, सिंघड़िया चौराहा निवासी मनोज साहनी की 22 वर्षीय बेटी श्वेता साहनी शनिवार की रात अपने माता-पिता के साथ खाना खाने के बाद दूसरी मंजिल पर स्थित अपने कमरे में चली गई और फिर आत्महत्या कर ली। सुबह भाई प्रवीण उसके कमरे की तरफ गया। वह बाहर से आवाज लगाने लगा, लेकिन कमरे से कोई आवाज नहीं आई। तब उसने खिड़की से देखा तो बहन छत की कुंडी में लगे पंखे में साड़ी का फंदा लगाकर लटक रही थी। उसके चीखने की आवाज सुनकर माता-पिता पहुंच गए। वह दरवाजा तोड़ कर अंदर पहुंचे।




Add comment