
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान यानी आईआईटी गुवाहाटी (IIT Guwahati) के स्टूडेंट्स जल्द ही मंदारिन भाषा सीख सकेंगे। इसके लिए आईआईटी गुवाहाटी ने भारत में ताइपेई इकोनॉमिक एवं कल्चरल सेंटर (TECC) के एजुकेशन डिवीजन के साथ एक ओएमयू पर हस्ताक्षर किया है। इस कदम से ताइवान के साथ सांस्कृतिक और शैक्षिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा। शिक्षा एवं भाषा और सांस्कृतिक शिक्षा के माध्यम से भारत और ताइवान के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए यह साझेदारी महत्वपूर्ण है।
इस सहयोग के तहत, टीईसीसी आईआईटी गुवाहाटी को मंदारिन शिक्षकों की भर्ती करने में सहायता करेगा जो पाठ्यक्रम डिजाइन करने और विदेशी भाषा पाठ्यक्रमों का मूल्यांकन करने में विशेषज्ञ हैं। ये शिक्षक आवश्यक सेमेस्टर में मंदारिन भाषा पाठ्यक्रम संचालित करेंगे, जिससे छात्रों के भाषाई कौशल और सांस्कृतिक समझ को व्यापक बनाने में मदद मिलेगी। यह ताइवान के सेमी कंडक्टर और एग्रीटेक उद्योगों में इंटर्नशिप और करियर बनाने में रुचि रखने वालों की विशेष मदद करेगा।
जानकारी के अनुसार, मंदारिन भाषा के लिए आईआईटी गुवाहाटी अपने कैंपस में एक ताइवान एजुकेशन सेंटर स्थापित करेगा. जो कक्षाओं, सेमिनार और एक्सचेंज प्रोग्राम की सुविधाएं प्रदान करेगा। एमओयू हस्ताक्षर की तारीख से तीन साल तक प्रभावी रहेगा, जिसमें संशोधन और विस्तार के प्रावधान हैं।
आईआईटी गुवाहाटी की ओर से जारी बयान में कहा गया है, “इस सहयोग का उद्देश्य भारतीय छात्रों को योग्य शिक्षकों से उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा तक पहुंच प्रदान करके मंदारिन भाषा से परिचय कराना है। ऐसा करके, आईआईटी गुवाहाटी छात्रों को मूल्यवान भाषाई और सांस्कृतिक कौशल से लैस करना चाहता है, जो आज की वैश्वीकृत दुनिया में तेजी से महत्वपूर्ण होते जा रहे हैं।”
वहीं TECC में एजुकेशन डिवीजन के निदेशक पीटर्स चेन ने कहा कि आईआईटी गुवाहाटी एक लीडिंग यूनिवर्सिटी है। यह पूर्वोत्तर भारत और सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री का प्रमुख खिलाड़ी है। छात्रों को मंदारिन भाषा सीखकर ताइवानी संस्कृति के बारें गहराई से पता चलेगा। जल्द ही कैंपस में विदेशी भाषा के रूप में चीनी भाषा की परीक्षा (TOCFL) आयोजित करने के लिए एक ताइवानी शिक्षक की भर्ती करेंगे और ताइवान में पढ़ने के लिए स्कॉलरशिप भी शुरू की जाएगी।




Add comment