Edinbox Hindi

उदयपुर में छात्रों के बीच चाकूबाजी से जल उठा शहर, लगी धारा 144, इंटरनेट बंद, भारी सुरक्षा बल तैनात

राजस्थान के उदयपुर में एक सरकारी स्कूल में दो छात्रों के विवाद ने हिंसा का रूप ले लिया। छात्रों के विवाद में वर्ग विशेष के छात्र ने दूसरे हाई स्कूल के छात्र को चाकू घोंप दिया। घटना के बाद शहर में आगजनी और तोड़-फोड़ की गई। अचानक शहर में हुई हिंसा से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। हालात काबू करने के लिए शहर में धारा 144 लागू की गई। पूरे जिले में भी धारा 163 लागू कर दी गई। सोशल मीडिया पर कोई अफवाह न फैले इसके लिए इंटरनेट भी बंद कर दिया गया। शहर व आसपास इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है।   

बताया जाता है कि जिले के एक स्कूल में 10वीं में पढ़ने वाले छात्र पर उसी के सहपाठी ने चाकू से हमला कर दिया जिससे छात्र घायल हो गया। घटना की जानकारी शिक्षकों और अन्य स्टाफ को तब लगी, जब वहां शोर मचना शुरू हुआ। इसके बाद स्टूडेंट्स को आनन-फानन में उदयपुर के एमबी अस्पताल भर्ती कराया गया। झगड़े में घायल हुए बच्चे का इलाज चल रहा है। उसकी हालत स्थिर है।  

जानकारी के मुताबिक दोनों छात्रों के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा था। इसको लेकर दोनों के बीच गाली-गलौज भी हुई थी। हालांकि, इसकी जानकारी शिक्षकों को नहीं थी। इसी बीच शुक्रवार की सुबह एक छात्र बैग में चाकू लेकर पहुंचा और उसने दूसरे पर हमला कर दिया जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। घटना की सूचना लगते ही पूरे शहर में बवाल मच गया जिसके बाद बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ दोपहर तक सड़कों पर उतर आई और वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान भीड़ ने वहां खड़े वाहनों में आग भी लगा दिया। बवाल बढ़ता देख कई थानों की पुलिस बुला ली गई और स्थिति पर काबू पाया गया। बवाल को देखते हुए शनिवार की रात 10 बजे तक इंटरनेट को बंद कर दिया गया है 

पुलिस ने आरोपी नाबालिग छात्र को डिटेन किया है और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है। घटना से हिंदू संगठनों में भारी गुस्सा है। हालात काबू करने के लिए 1500 से अधिक पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। उदयपुर के 15 पुलिस थाने का जाब्ता भी अस्पताल और शहर में व्यवस्थाओं के लिए लगाया गया है। सुरक्षा का माहौल बनाने के लिए जयपुर से सात कंपनियां बुलाई गई हैं। 

दरअसल, बवाल शुक्रवार को उदयपुर के सूरजपोल थाना क्षेत्र से शुरू हुआ। शहर के बीच स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भट्टियानी चोहट्टा में दो छात्र आपस में भिड़ गए। विशेष वर्ग के छात्र ने 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू उसकी जांघ में लगा। घटना से स्कूल में सनसनी फैल गई। स्कूल के स्टाफ ने घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया। घायल छात्र की मौत की अफवाह फैलने से लोग गुस्सा हो गए। 

माहौल न बिगड़े इसके लिए शहर में धारा 144/163 लागू कर दी गयी। इसके बाद देर शाम संभागीय आयुक्त ने एक आदेश जारी कर शहर के कई इलाकों में इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी। शहर के सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में भी आगामी आदेश तक अवकाश घोषित कर दिया गया। नगर निगम और यूडीए क्षेत्र में आने वाले सभी सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी के आदेश जारी कर दिए गए। कॉलेज में भी छुट्टी के आदेश दिए गए। रक्षाबंधन के बाद जिला कलेक्टर के आदेश के बाद स्थिति के हिसाब से स्कूलो को खोला जाएगा। 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed