
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना में इंसाफ की मांग को लेकर आज वहां के डॉक्टरों और छात्रों ने विरोध मार्च निकाला। यह मार्च सीबीआई कार्यालय तक निकाला गया। वहीं सीजीओ (सीबीआई कार्यालय) कॉम्प्लेक्स के बाहर विरोध-प्रदर्शन भी किया गया। हालांकि मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने डॉक्टर्स से हड़ताल वापस लेने का आग्रह किया था।
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में दरिंदगी के खिलाफ देशभर में विरोध-प्रदर्शन की खबर है। पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के सदस्यों ने विरोध-प्रदर्शन किया। कोलकाता में पूर्व खिलाड़ियों ने भी आज प्रदर्शन किया। कोलकाता के राष्ट्रीय होम्योपैथी संस्थान के डॉक्टरों ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल दुष्कर्म-हत्या मामले में न्याय की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया।
वहीं, दिल्ली के जंतर-मंतर पर कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में महिला डॉक्टर के साथ दरिंदगी के विरोध में प्रदर्शन किया गया है। तेलंगाना में भी डॉक्टर्स ने कोलकाता की घटना के विरोध में विरोध प्रदर्शन किया।
इस बीच आरजी कर मेडिकल कॉलेज में विरोध-प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के बाद अस्पताल की सुरक्षा सीआईएसएफ को सौंप दी गई है। सीआईएसएफ के डीआईजी ने आज आरजी कर मेडिकल कॉलेज का दौरा किया। सुप्रीम कोर्ट द्वारा सीआईएसएफ को अस्पताल की सुरक्षा सौंपने पर केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने कहा, ‘CISF द्वारा अगर राज्य के एक अस्पताल को सुरक्षा देने की जरूरत आ पड़ी है, तो यह दर्शाता है कि सुप्रीम कोर्ट को इस प्रशासन पर बिल्कुल विश्वास नहीं है।’
कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में दरिंदगी पर पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने कहा, हम ममता बनर्जी का इस्तीफा चाहते हैं, उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए, उन्होंने अपनी विश्वसनीयता खो दी है।




Add comment