
असम सरकार ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (एससी-एसटी) के अभ्यर्थियों को राज्य सरकार के सभी पदों के लिए मुफ्त में आवेदन करने की सुविधा देने के लिए विधानसभा में एक विधेयक पेश किया है।
विधायी कार्य मंत्री पीयूष हजारिका ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की ओर से विधानसभा में असम अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (सेवाओं और पदों में रिक्तियों का आरक्षण) (संशोधन) विधेयक, 2024 पेश किया। मुख्यमंत्री कार्मिक विभाग का भी प्रभार संभालते हैं।
फिलहाल एससी-एसटी अभ्यर्थियों को राज्य के सरकारी पदों के लिए आवेदन पर सामान्य वर्ग की तुलना में आधा शुल्क देना पड़ता है।
उद्देश्यों और कारणों के विवरण में, सरमा ने कहा कि “विधेयक में असम सरकार के तहत किसी भी सेवा या पदों पर चयन के लिए अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों से ली जाने वाली परीक्षाओं के शुल्क में छूट प्रदान करने का प्रस्ताव किया गया है।”
उन्होंने यह भी कहा कि इसका वित्तीय प्रभाव भी पड़ेगा क्योंकि आवेदनों के लिए एकत्रित कुल शुल्क कम हो जाएगा, क्योंकि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों से शुल्क पूरी तरह माफ कर दिया जाएगा।




Add comment