
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या मामले में आज कुल सात लोगों का पॉलीग्राफ टेस्ट कराया गया। सीबीआई के कोलकाता ऑफिस में आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल डॉ. संदीप घोष के अलावा दुष्कर्म के आरोपी संजय रॉय और मेडिकल कॉलेज के चार अन्य डॉक्टर्स का भी पॉलीग्राफ टेस्ट हुआ। ये चार डॉक्टर वे हैं जो वारदात की रात पीड़िता के साथ थे। साथ ही अस्पताल के एक सिविल वालंटियर का भी पॉलीग्राफ हुआ।
महिला डॉक्टर के दुष्कर्म और हत्या के मामले में आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष की भूमिका संदिग्ध है। सीबीआई द्वारा बीते हफ्ते भर से ज्यादा समय से लगातार संदीप घोष से पूछताछ की जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पूछताछ के दौरान संदीप घोष के बयानों में विरोधाभास है। साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने भी अपनी सुनवाई के दौरान संदीप घोष की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल उठाए थे। यही वजह है कि संदीप घोष सीबीआई की जांच के रडार पर हैं। सीबीआई ने अदालत में अर्जी देकर संदीप घोष, आरोपी संजय रॉय और चार अन्य डॉक्टर्स और एक सिविल वॉलंटियर का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की मंजूरी मांगी थी, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया था।
अदालत की मंजूरी के बाद शनिवार को सभी का पॉलीग्राफ टेस्ट कराया गया। गौरतलब है कि संदीप घोष के अलावा जिन चार अन्य डॉक्टर्स का पॉलीग्राफ टेस्ट कराया गया है, उन्होंने ही मृतका के साथ घटना वाली रात डिनर किया था। आरोपी संजय रॉय का जेल में ही पॉलीग्राफ टेस्ट कराया गया। बाकी अन्य का पॉलीग्राफ टेस्ट सीबीआई कार्यालय में कराया गया। पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए विशेषज्ञों की एक टीम नई दिल्ली स्थित सेंट्रल फोरेंसिक साइंस लेबोरेट्री से कोलकाता पहुंची थी।
कई बार आरोपी से सच उगलवाने के लिए पुलिस पॉलीग्राफ टेस्ट करवाती है, जिसमें लाई डिटेक्टर मशीन (झूठ पकड़ने वाली मशीन) के जरिए झूठ पकड़ने की कोशिश की जाती है। इसे लाई डिटेक्टर टेस्ट भी कहा जाता है। इस टेस्ट में कई साइकोलॉजिकल जांच की जाती हैं। इसमें आरोपी के जवाब के दौरान शरीर में होने वाले बदलाव के जरिए ये पता लगाया जाता है कि आरोपी सवाल का सही जवाब दे रहा है या नहीं। इस टेस्ट में आरोपी की शारीरिक गतिविधियों- ब्लड प्रेशर, सांस की गति, त्वचा की संवेदनशीलता आदि को अच्छे से रीड किया जाता है और उनके रिएक्शन के हिसाब से तय होता है कि जवाब सच है या गलत।




Add comment