
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने कहा है कि उनकी सरकार प्रदेश में अगले शैक्षणिक वर्ष से यंग इंडिया स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की शुरुआत करेगी। इस कदम का मकसद खिलाड़ियों को अगले ओलंपिक खेलों में अधिक से अधिक पदक जीतने में मदद करना है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए तेलंगाना तेलंगाना सरकार ख्यात अंतरराष्ट्रीय कोचों की नियुक्ति करेगी। उन्होंने राज्य की जनता को आश्वस्त किया कि सरकार खेलों को अतीत का गौरव दिलाएगी। उन्होंने कहा कि गचीबोवली को भी एक खेल गांव के रूप में विकसित किया जाएगा।
सीएम ए रेवंत रेड्डी एनडीएमसी हैदराबाद मैराथन के विजेताओं को पुरस्कार वितरित करने के दौरान कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हाल ही में उन्होंने केंद्रीय खेल मंत्री को जानकारी दी थी कि सरकार अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार खेल स्टेडियम स्थापित करेगी ताकि हैदराबाद में ओलंपिक आयोजित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि हम तेलंगाना को देश में खेलों के लिए एक गंतव्य के रूप में बढ़ावा देंगे। उन्होंने कहा कि हैदराबाद एक बड़े खेल केंद्र के रूप में उभरने वाला है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि हैदराबाद में एफ्रो-एशियाई खेलों, सैन्य खेलों और अन्य महत्वपूर्ण खेलों के आयोजन का इतिहास रहा है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि हाल ही में सरकार ने खिलाड़ी निखत ज़रीन और मोहम्मद ज़रीन को ग्रुप-1 स्तर की सरकारी नौकरी देने का फैसला किया है।




Add comment