Edinbox Hindi

स्कूल जा रही दो छात्राओं को अगवा कर जंगल ले जाकर किया सामूहिक दुष्कर्म, दो गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश में एक बार फिर दरिंदगी का मामला सामने आया है। गोंडा जिले में खोड़ारे थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली दो छात्राओं को स्कूल गेट से चार युवकों ने बाइकों से अगवा कर लिया और कुबरी जंगल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। बेटी की तलाश में निकले एक छात्रा के पिता ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। मगर चारों आरोपी भाग गए। छात्रा के पिता ने चार युवकों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कराया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गांव निवासी 13 वर्षीय किशोरी के पिता ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उनकी बेटी क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में आठवीं की छात्रा है। वह शनिवार सुबह अपनी सहेली व सहपाठी छात्रा (16) के साथ घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। वह दोनों स्कूल के पास पहुंचीं थीं तभी मझौवा तोग शाहपुर निवासी अनस अपने दोस्त पिपरा अदाई निवासी शादाब व दो अन्य साथियों के साथ दो बाइकों से पहुंचा।

चारों युवक बाइकों से ही बेटी और उसकी सहेली को अगवा कर ले गए। इसकी जानकारी मिलने पर वह बेटी की तलाश में निकले थे। तभी चंद्रदीप घाट के पास बेटी की सहेली और कुबरी जंगल के पास बेटी दिखाई पड़ी। बेटी और उसकी सहेली ने बताया कि शादाब और अनस ने अपने दो साथियों के साथ उन्हें अगवा कर लिया था और जंगल में ले जाकर धमकाते हुए दोनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

थानाध्यक्ष सर्वजीत गुप्ता ने बताया कि सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज कर शादाब व अनस को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed