Edinbox Hindi

आईटी इंजीनियर ने 15वीं मंजिल पर बने फ्लैट की बालकनी से कूदकर आत्महत्या की 

डिप्रेशन का सामना कर रहे एक आईटी इंजीनियर ने नोएडा सेक्टर-75 स्थित पंचशील प्रतिष्ठा सोसाइटी के 15वीं मंजिल पर बने फ्लैट की बालकनी से कूदकर जान दे दी। पुलिस को मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या का कारण जानने के लिए सेक्टर-113 थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।

पुलिस ने बताया कि पंचशील प्रतिष्ठा सोसाइटी के टावर संख्या आठ के फ्लैट नंबर 1508 में 36 वर्षीय पंकज पत्नी और बच्चे के साथ रहते थे। मंगलवार शाम 3 बजे के करीब 15वीं मंजिल से कूदकर पंकज ने आत्महत्या कर ली। किसी के गिरने की आवाज सुनकर सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड भागकर घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक पंकज की मौत हो चुकी थी।

पंकज सेक्टर-126 स्थित एक कंपनी में आईटी इंजीनियर थे। पुलिस सोसाइटी के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाल रही है। जिस समय हादसा हुआ पंकज की पत्नी जालंधर गई हुई थीं। पत्नी को भी घटना की जानकारी दी गई। वह तत्काल नोएडा के लिए निकल गयीं।

बताया जा रहा है कि मैसेज और मेल के माध्यम से पंकज ने घटना के पहले पत्नी से संवाद भी किया था। मेल में पंकज ने अपने लैपटॉप समेत पासवर्ड और बैंक संबंधी जानकारी पत्नी को दी है। आत्महत्या के लिए इंजीनियर ने पत्नी से माफी भी मांगी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पंकज बीते कुछ दिनों से डिप्रेशन की दवा भी ले रहे थे। वह मूलरूप से पंजाब जालंधर के रहने वाले थे।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed