Edinbox Hindi

IIT बॉम्बे के 75 प्रतिशत छात्रों को ही कैंपस प्लेसमेंट से मिली जाॅब, सबसे कम पैकेज 4 लाख रुपए सालाना  

आईआईटी बॉम्बे की गिनती देश के टाॅप संस्थानों में होती है। इसके बावजूद पिछले कुछ वर्षों में यह संस्थान प्लेसमेंट में कमी को लेकर चर्चा में रहा है। इस बार यहां प्लेसमेंट में 7.7 फीसदी की मामूली बढ़ोतरी ज़रूर दर्ज की गई लेकिन प्लेसमेंट में न्यूनतम पैकेज इस साल घटाकर अब तक का सबसे कम 4 लाख रुपए हो गया।  आईआईटी बॉम्बे ने सत्र 2023-24 के लिए प्लेसमेंट रिपोर्ट जारी किया है जिसके मुताबिक इस वर्ष 75 फीसदी स्टूडेंट्स ने नौकरी हासिल की है।

रिपोर्ट के मुताबिक इस बार प्लेसमेंट के लिए कुल 2414 स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन किया था। रजिस्ट्रेशन करने वाले कुल स्टूडेंट्स में से 1979 अभ्यर्थियों में प्लेसमेंट प्रक्रिया में भाग लिया। इसमें से कुल 75% प्रतिशत अभ्यर्थियों ने प्लेसमेंट के माध्यम से जॉब हासिल की है। आईआईटी बॉम्बे प्लेसमेंट में 22 स्टूडेंट्स ने 1 करोड़ से अधिक का पैकेज स्वीकार किया है। दस छात्रों का प्लेसमेंट 4 लाख रुपए से 6 लाख रुपए सालाना पैकेज पर हुआ।  

इसके अलावा 78 स्टूडेंट्स ने अंतरराष्ट्रीय नौकरी के प्रस्ताव स्वीकार किये हैं, ये नौकरियां जापान, ताइवान, यूरोप, यूएई, सिंगापुर, अमेरिका, नीदरलैंड और हांगकांग देशों ने ऑफर की थीं। इस बार कुल 364 कंपनियों द्वारा 1650 जॉब्स के ऑफर की पेशकश की गई। गौरतलब है कि यूक्रेन में युद्ध और कमजोर वैश्विक अर्थव्यवस्था के कारण देश-विदेश में कम अंतरराष्ट्रीय भर्ती हो रही है। 775 छात्रों को भारत में बहुराष्ट्रीय कंपनियों में नौकरी मिली है और 622 भारतीय कंपनियों में शामिल होंगे। 

सबसे ज्यादा नौकरियां इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी क्षेत्र से ऑफर की गई हैं। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग को सबसे ज्यादा 232 जॉब ऑफर मिले हैं, जबकि कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग को 230 ऑफर प्राप्त हुए हैं। मैकेनिकल इंजीनियरिंग के स्टूडेंट्स को 229 प्लेसमेंट ऑफर प्रदान किये गए हैं।

आईआईटी बॉम्बे में न्यूनतम प्लेसमेंट पैकेज 4 लाख प्रति वर्ष का रहा है। विषय के अनुसार बीटेक के लिए 83.39 प्रतिशत, एमटेक के लिए 83.5 प्रतिशत, एमएस रिसर्च के लिए 93.33 प्रतिशत प्लेसमेंट प्रतिशत दर्ज किया गया है। इसके अलावा डुअल डिग्री (बीटेक और एमटेक) के लिए प्लेसमेंट प्रतिशत 79.16 दर्ज किया गया है। पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम एमएससी के लिए प्लेसमेंट 55.06 फीसदी है।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed