
पाकिस्तान ने 2.6 करोड़ स्कूली बच्चों की समस्याओं को हल करने के लिए शिक्षा आपातकाल की घोषणा की है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर यह घोषणा की और निजी और नागरिक संगठनों से सरकार के साथ सहयोग करने का आग्रह किया है। एसोसिएटेड प्रेस ऑफ पाकिस्तान ने बताया कि प्रधानमंत्री एक जागरूक और टिकाऊ राष्ट्र के लिए शिक्षा को आगे बढ़ाने के लिए निजी क्षेत्र तथा नागरिक संगठनों से सरकार का सहयोग करने का आग्रह किया है।
पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) नेता शहबाज (72) ने शिक्षा एजेंडे को आगे बढ़ाने तथा सूचना के मामले में सबल एवं टिकाऊ राष्ट्र के लिए प्रयास करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। शरीफ ने कहा, ‘हमने पूरे देश में शैक्षणिक आपातकाल घोषित कर दिया है, छात्रों के लिए नामांकन अभियान शुरू किया है और स्कूलों में बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन शुरू किया है।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि साक्षरता एक मौलिक मानवीय और संवैधानिक अधिकार है जो हमारे देश के भविष्य की गारंटी देता है। उन्होंने कहा कि साक्षरता केवल पढ़ने और लिखने की क्षमता नहीं है, बल्कि यह ‘‘सशक्तीकरण, आर्थिक अवसरों और समाज में सक्रिय भागीदारी का प्रवेश द्वार’’ है।
ड्रॉपआउट दरों को कम करने के लिए सरकार ने छात्रवृत्ति और अन्य प्रोत्साहन शुरू किए हैं। शरीफ ने आज की तेजी से विकसित हो रही दुनिया में प्रौद्योगिकी के साथ साक्षरता और कौशल विकसित करने के महत्व पर जोर दिया। सरकार शिक्षा प्रणाली में प्रौद्योगिकी को शामिल करने के लिए एक व्यापक योजना लागू कर रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि युवा डिजिटल अर्थव्यवस्था के लिए आवश्यक कौशल से लैस हों।
प्रधानमंत्री ने कहा कि निजी क्षेत्र और नागरिक समाज संगठन इन प्रयासों में समान भागीदार हैं। उन्होंने कहा, ‘प्रभावी भागीदारी स्थापित करके, हम शिक्षा को रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ सकते हैं, जिससे एक मजबूत और अधिक समावेशी कार्यबल का निर्माण हो सकता है।’ इससे पहले मई में, शहबाज ने पंजाब में स्कूल से बाहर रहने वाले करीब 2.60 करोड़ बच्चों को दाखिला दिलाने का संकल्प लिया था। शिक्षा आपातकाल पर राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘आज, दृढ़ विश्वास और प्रांतों के समर्थन के साथ, हम 26 मिलियन स्कूल से बाहर रहने वाले बच्चों की चुनौती से निपटेंगे। हम उन्हें वापस स्कूल लाएंगे…मैं इस क्षण से पूरे पाकिस्तान में शिक्षा आपातकाल की घोषणा करता हूं…जिस तरह से हमने पंजाब में किया, हम पाकिस्तान में भी करेंगे।’




Add comment