Edinbox Hindi

आंदोलनकारी डॉक्टरों पर हमले की साजिश हो रही, टीएमसी नेता कुणाल घोष का दावा

पश्चिम बंगाल में कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में एक प्रशिक्षु महिला डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या के मामले में प्रदर्शन कर रहे जूनियर डॉक्टरों और राज्य सरकार के बीच गतिरोध जारी है। इस गतिरोध के बीच तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता कुणाल घोष ने दावा किया कि विपक्षी पार्टियां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को बदनाम करने के लिए आंदोलनकारियों पर हमले की साजिश कर रही है। उन्होंने इस साजिश के सबूत के तौर पर एक ऑडियो क्लिप का हवाला दिया। 

कुणाल घोष ने कहा, “यह बातचीत वामपंथ की युवा शाखा के एक सदस्य और अति वामपंथ संगठन के एक सदस्य के बीच है। सरकार के खिलाफ गहरी साजिश है। वे (विपक्ष) साजिश के बारे में बात कर रहे हैं। वे डॉक्टरों के धरने पर हमला करेंगे और फिर सत्तारूढ़ पार्टी और राज्य सरकार पर आरोप लगाएंगे कि कल के गतिरोध के बाद सत्तारूढ़ पार्टी डॉक्टरों पर हमला कर रही है।”

तृणमूल नेता ने कहा, ‘‘ऑडियो क्लिप से यह स्पष्ट हो गया है कि कुछ लोग कल रात कनिष्ठ चिकित्सकों पर हमला करना चाहते थे और वे फिर से हमला कर सकते हैं। हमने पुलिस और सुरक्षा बलों को सतर्क रहने और यह सुनिश्चित करने को कहा है कि ऐसा न हो। हमें उम्मीद है कि इस मुद्दे का शांतिपूर्ण समाधान हो जाएगा।’’

घोष ने कहा कि पार्टी के पास विश्वसनीय सूचना है कि कुछ वामपंथी और उग्र वामपंथी दल प्रदर्शनकारियों के बीच घुसपैठ करने और तृणमूल कांग्रेस एवं ममता बनर्जी सरकार को बदनाम करने के लिए हमला करने की साजिश रच रहे हैं।

कुणाल घोष के बयान के बाद सीपीआई(एम) नेता फुआद हलीम ने कहा कि पुलिस को इसकी जांच करनी चाहिए कि कुणाल घोष को क्लिप कैसे मिली? उन्होंने कहा, “14 अगस्त को जब शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया गया तब कुछ गुंडों ने आरजी अस्पताल में घुसकर घटनास्थन में तोड़फोड़ करने की कोशिश की। इस मामले में जिन 20-30 लोगों को गिरफ्तार किया गया उसे लेकर प्रशासन पूरी तरह से खामोश हैं। वे कौन थे? उन्होंने ये उत्पात क्यों मचाया? तृणमूल कांग्रेस इसमें शामिल है।”

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed