
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में रविवार को एक जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर ने फांसी लगाकर जान दे दी। सुसाइड करने वाले डॉक्टर की शिनाख्त डॉ. नवदीप सिंह (25) के रूप में हुई है। नवदीप का शव मध्य दिल्ली के आईपी इस्टेट में दिल्ली पारसी अंजुमन (पारसी धर्मशाला) स्थित उनके कमरे में पंखे से लटका मिला। वह 2017 में नीट के ऑल इंडिया वन रैंक होल्डर थे। पुलिस को मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। डॉ. नवदीप सिंह पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहे थे। वह रेडियो डायग्नोस्टिक के छात्र थे।
रेडियोलॉजी में एमडी कर रहे डॉ. नवदीप सिंह 2017 में नीट के ऑल इंडिया वन रैंक होल्डर थे। नवदीप की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजन पंजाब के मुक्तसर साहिब से दिल्ली पहुंचे। पुलिस ने शाम को ही पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के हवाले कर दिया और परिजन शव पंजाब ले गए।
क्राइम टीम के अलावा एफएसएल ने नवदीप के कमरे की पड़ताल की। जांच के बाद उनके कमरे को सील कर दिया गया है। पुलिस ने उनका मोबाइल कब्जे में लेकर जांच के लिए फॉरेंसिक टीम के पास भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या की वजहों का पता नहीं चल सका है। पुलिस उनके साथियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक मूलरूप से पंजाब के मुक्तसर साहिब के रहने वाले नवदीप सिंह के परिवार में पिता गोपाल सिंह, मां सिमरनजीत कौर और एक छोटा भाई है। पिता पंजाब के एक कॉलेज में लेक्चरर हैं, जबकि छोटा भाई चंडीगढ़ के एक कॉलेज से एमबीबीएस कर रहा है।
एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद नवदीप ने कॉलेज के नजदीक की पारसी धर्मशाला में कमरा लेकर रहना शुरू किया था। शनिवार दोपहर को परिजनों ने नवदीप को कॉल की, लेकिन उनका फोन नहीं उठा। शाम और रात को भी फोन नहीं उठा। सुबह परिजनों ने दिल्ली में रहने वाले एक परिजन को नवदीप के कमरे पर भेजा। परिजन सुबह करीब 10 बजे पारसी धर्मशाला के गार्ड के साथ नवदीप के कमरे में पहुंचे तो उनको फंदे से लटका पाया। मामले की सूचना पुलिस व परिवार को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारा। बाद में छानबीन के बाद शव को मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी भेजा गया। परिवार शाम के समय दिल्ली पहुंचा तो शव का पोस्टमार्टम करवा दिया दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मौलाना आजाद मेडिकल के डॉक्टरों ने नवदीप की मौत पर दुख जाहिर किया है। पोस्टमार्टम के दौरान मौलाना आजाद मेडिकल कॉल के छात्र व प्रोफेसर वहां मौजूद रहे।




Add comment