Edinbox Hindi

दिल्ली विश्वविद्यालय में स्पॉट राउंड के तहत स्नातक कार्यक्रमों में दाखिले 18 सितंबर से होंगे शुरू 

दिल्ली विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए अपने विभिन्न कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए स्पॉट राउंड-1 की समय-सारणी जारी कर दी है।
अधिसूचित कार्यक्रम के अनुसार, स्पॉट एडमिशन के लिए आवेदन प्रक्रिया 18 सितंबर को सुबह 10 बजे शुरू होगी और 19 सितंबर को रात 11.59 बजे तक खुली रहेगी। सीट आवंटन की घोषणा 21 सितंबर को दोपहर 3 बजे की जाएगी। यह प्रक्रिया उन विद्यार्थियों के लिए है, जिन्हें अभी तक किसी कॉलेज में प्रवेश नहीं मिला है।

कहने का तात्पर्य कि कॉमन सीट अलॉटमेंट सिस्टम (CSAS-UG)-2024 के लिए आवेदन करने वाले लेकिन 17 सितंबर शाम 5 बजे तक किसी भी कॉलेज में दाखिला न पाने वाले उम्मीदवार स्पॉट राउंड-1 एडमिशन प्रक्रिया में भाग लेने के पात्र होंगे। अधिसूचना में कहा गया है कि भाग लेने के लिए उम्मीदवारों को अपने डैशबोर्ड के माध्यम से ‘स्पॉट एडमिशन’ का विकल्प चुनना होगा।

डीयू की डीन एडमिशन प्रो. हनीत गांधी ने बताया कि अब तक 72,2262 छात्रों ने दाखिला ले लिया है। बहरहाल, स्पॉट राउंड-1 के तहत एक बार सीट आवंटित हो जाने के बाद, उम्मीदवारों के पास प्रस्ताव स्वीकार करने के लिए 22 सितंबर की रात 11.59 बजे तक का समय होगा। सीट सुरक्षित करने के लिए ऑनलाइन भुगतान करने की अंतिम तिथि 24 सितंबर को शाम 4.59 बजे है।

अधिसूचना में आगे कहा गया है कि अभ्यर्थी अपनी श्रेणी के आधार पर केवल उन्हीं कार्यक्रम-कॉलेज संयोजनों का चयन कर सकेंगे, जहां सीटें रिक्त हों।

उम्मीदवारों के लिए स्पॉट राउंड में आवंटित सीट को स्वीकार करना अनिवार्य है। ऐसा न करने पर दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए उनकी पात्रता समाप्त हो जाएगी और उन्हें सीएसएएस (यूजी)-2024 प्रवेश प्रक्रिया से बाहर कर दिया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, उम्मीदवारों को ध्यान देना चाहिए कि स्पॉट एडमिशन राउंड के दौरान सीटों को अपग्रेड करने या वापस लेने का कोई विकल्प नहीं होगा। अधिसूचना में कहा गया है कि किसी विशेष स्पॉट राउंड में आवंटित सीट अंतिम होगी और किसी भी बाद के स्पॉट एडमिशन राउंड में इसे अपग्रेड नहीं किया जाएगा।

इसके अलावा, सभी प्रवेशित अभ्यर्थियों के डैशबोर्ड को फ्रीज मोड में लॉक कर दिया जाएगा और उन्हें 17 सितंबर को शाम 5 बजे के बाद अपना प्रवेश वापस लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed