Edinbox Hindi

मणिपुर में 11 दिनों के बाद फिर खुले स्कूल-कॉलेज, कक्षाएं हुईं बहाल

11 दिनों की बंदी के बाद, मंगलवार को पूरे मणिपुर में सभी स्कूल, कॉलेज और तकनीकी संस्थान फिर से खुल गए, जबकि सुरक्षा बलों ने अधिकांश जिलों में अपना गहन तलाशी अभियान जारी रखा। राज्य की कानून एवं व्यवस्था की मौजूदा स्थिति के कारण बंद रहे स्कूल और कॉलेज फिर से खुले और कक्षाएं सामान्य रूप से बहाल हुई। रॉकेट हमलों में एक व्यक्ति की मौत होने और कई अन्य के घायल होने के बाद सात सितंबर को स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए थे।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने कहा कि हालांकि अधिकांश स्कूलों, कॉलेजों और तकनीकी संस्थानों में छात्र मंगलवार को कक्षाओं में उपस्थित हुए लेकिन कुछ संस्थानों में उपस्थिति कम थी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ”हमें उम्मीद है कि बुधवार से सभी स्कूलों और कॉलेजों में छात्रों की उपस्थिति सामान्य हो जाएगी।”

जातीय संघर्ष से जूझ रहे राज्य में शांति बहाल करने की मांग को लेकर छात्रों के सड़कों पर उतरने के कारण शैक्षणिक संस्थान बंद थे। उनकी सुरक्षा बलों से झड़प भी हुई थी जिसके कारण कई जिलों में कर्फ्यू लगाना पड़ा था। शिक्षा निदेशालय (स्कूल) और उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने स्कूलों तथा कॉलेज को फिर से खोलने का आदेश सोमवार रात को जारी किया था।

1 से 7 सितंबर के बीच विभिन्न जिलों में हिंसा की कई घटनाओं के बाद, जिसमें 20 लोग घायल हो गए और दो महिलाओं सहित 12 लोगों की जान चली गई, मणिपुर सरकार ने 6 सितंबर को राज्य भर में शैक्षणिक संस्थानों को बंद कर दिया। इसके बाद, हजारों छात्रों ने अपनी मांगों के समर्थन में 9 और 10 सितंबर को दो दिनों तक इंफाल और अन्य स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें कथित असमर्थता के लिए राज्य सरकार के पुलिस महानिदेशक और मुख्य सुरक्षा सलाहकार को हटाना शामिल था।

बता दें कि मणिपुर में इंफाल घाटी में स्थित मेइती और पड़ोसी पर्वतीय क्षेत्र में स्थित कुकी के बीच बीते साल मई से जारी हिंसा में 200 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है तथा हजारों लोग बेघर हो गए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed