
दिल्ली विश्वविद्यालय से एफिलिएटेड ‘श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज’ में प्रिंसिपल ऑफिस के बाहर दो छात्र गुटों के बीच झड़प का मामला सामने आया है। इस दौरान एक सिख छात्र की पगड़ी सिर से गिर गई। लड़ाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामला सामने आने के बाद एफआईआर दर्ज कर ली है।
बताया जा रहा है कि छात्रों के बीच यह झड़प तब हुई, जब कॉलेज प्रशासन ने कॉलेज की मूल संस्था, दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति (DSGMC) के निर्देशों के बाद 27 सितंबर को होने वाले दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनावों में भाग न लेने की घोषणा की। इसके बाद विरोध प्रदर्शन हुए।
वायरल वीडियो में छात्रों का एक समूह प्रिंसिपल के कार्यालय के बाहर खड़ा दिखाई दे रहा है। कुछ ही क्षणों बाद एक लाल पगड़ी पहने हुए छात्र को अचानक खींचा जाता है। वायरल वीडियों में देखा जा सकता है कि छात्र को पीटा जाता है और कुछ अन्य छात्रों द्वारा लात मारी जाती है। हमले के दौरान उस छात्र की पगड़ी गिर जाती है। तभी वहां मौजूद दूसरे छात्रों द्वारा बीचबचाव किया जाता है। उनमें से एक पगड़ी उठाता है और उस लड़के को देता है, जिसने इसे पहना था। फिर वे लोग पगड़ी पहने हुए छात्र को वहां से ले जाते हैं।
वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि बाकी छात्र प्रिंसिपल के दफ्तर के बाहर खड़े हैं और उनमें से कुछ अधिकारियों से बात करते हुए भी नजर आ रहे हैं। थोड़ी देर बाद कुछ छात्र कॉलेज के गेट की ओर भागते हुए नजर आते हैं। जिस छात्र की पगड़ी झगड़े के दौरान गिर गई, उसने घटना की शिकायत दर्ज कराई है। छात्र की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। एफआईआर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 (धार्मिक भावनाओं को आहत करने के उद्देश्य से किया गया कृत्य), 115(2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना), 351(2) (आपराधिक धमकी) और 3(5) (समान उद्देश्य की प्राप्ति के लिए दो या अधिक व्यक्तियों द्वारा किया गया संयुक्त आपराधिक दायित्व) के तहत दर्ज की गई।
गौरतलब है कि इससे पहले, कॉलेज के प्रिंसिपल गुरमोहिंदर सिंह ने दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन को पत्र लिखकर कहा था कि कॉलेज स्वयं के छात्र चुनाव आयोजित करेगा। उन्होंने कहा था कि यह निर्णय डीएसजीएमसी के निर्देशों के बाद लिया गया। बता दें कि डीएसजीएमसी दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज, श्री गुरु नानक देव खालसा कॉलेज और श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स को नियंत्रित करता है, जो सभी DUSU से संबद्ध हैं।




Add comment