Edinbox Hindi

बंगाल में अब डॉक्टर्स ने मरीज के परिजनों द्वारा पीटे जाने पर रोका काम, कहा- पहले पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाए

कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है कि पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में एक सरकारी अस्पताल के डॉक्टर्स और नर्सिंग स्टाफ को पीटे जाने का मामला गरमा गया है। 24 परगना जिले के कमरहाटी इलाके में स्थित सागर दत्ता अस्पताल में डॉक्टर्स और नर्सिंग स्टाफ के साथ मारपीट के विरोध में डॉक्टर्स ने काम रोक दिया है और हड़ताल शुरू कर दी है। 

दरअसल शुक्रवार को एक मरीज के परिजनों ने सागर दत्ता अस्पताल में डॉक्टर्स और नर्सिंग स्टाफ के साथ मारपीट की थी। इस घटना के विरोध में डॉक्टर्स ने काम रोक दिया और हड़ताल शुरू कर दी थी। अस्पताल के डॉक्टर्स की काम रोको हड़ताल आज लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। डॉक्टर्स की मांग है कि सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर किया जाए।  

बताया गया है कि शुक्रवार को एक महिला को सांस की तकलीफ होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। महिला की हालत ठीक नहीं थी और जब तक उसे ऑक्सीजन देने की कोशिश की जाती, तब तक उसकी मौत हो गई। महिला के परिजनों का आरोप है कि मरीज को समय पर इलाज नहीं मिला, जिसकी वजह से उसकी मौत हुई। 

वहीँ अस्पताल की एक नर्स के मुताबिक पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में मरीज के परिवार के 15-20 लोगों ने महिला मेडिसिन वार्ड में घुसकर वहां मौजूद डॉक्टर्स और नर्सिंग स्टाफ के साथ मारपीट की। इस घटना में तीन जूनियर डॉक्टर, तीन नर्स और अन्य स्वास्थ्यकर्मी घायल हो गए। घटना के विरोध में डॉक्टर्स ने काम रोको हड़ताल शुरू कर दी। शनिवार को दूसरे दिन भी यह हड़ताल जारी रही। 

एक जूनियर डॉक्टर ने कहा, ‘हम बार-बार बाह्य रोगी विभाग और अस्पताल के वार्डों में उचित सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। लेकिन यह घटना साबित करती है कि राज्य प्रशासन अभी भी हमारी सुरक्षा की मांग के प्रति नहीं जागा है। जब तक पर्याप्त सुरक्षा की हमारी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक ‘काम बंद’ हड़ताल जारी रहेगी।’

बैरकपुर पुलिस आयुक्तालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अस्पताल प्रशासन ने कमरहाटी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है और जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद अस्पताल परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अस्पताल के मुख्य द्वार के पास पुलिस गश्ती दल निगरानी कर रहा है।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed