
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं बीपीएससी परीक्षा के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। बता दें कि इसका नोटिफिकेशन कुछ दिनों पहले ही आयोग ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया था। इस बार बीपीएससी ने 1957 रिक्तियों की घोषणा की है, जिसे अब तक की सबसे बड़ी भर्ती माना जा रहा है। और इन भर्तियों के लिए आवेदन प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। इच्छुक उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bih.nic.in पर इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 18 अक्तूबर है।
बीपीएससी द्वारा जारी ऑफिशियल नोटिस के मुताबिक इस बार ग्रामीण विकास आधिकारिक के लिए 393 पद, राजस्व अधिकारी के लिए 287 पद, बिहार प्रशासनिक सेवा के अंतर्गत 200 पद, बिहार वित्त सेवा में 168 पद, बिहार पुलिस सेवा में 136 पद भरे जाएंगे। इसके अलावा भी एससी और एसटी वर्ग के लोगों के लिए जनजाति कल्याण पदाधिकारी के 125 पद हैं। इसके अलावा कुछ पदों की जानकारी अब तक साफ नहीं हुई है।
भर्तियां अनुमंडल पदाधिकारी/वरीय उप समाहर्ता, पुलिस उपाधीक्षक, जिला कमांडेंट, अधीक्षक, उप पंजीयक, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सहायक निदेशक, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी, गन्ना पदाधिकारी, रोजगार पदाधिकारी, सहायक योजना पदाधिकारी, अतिरिक्त जिला परिवहन पदाधिकारी, नगर कार्यपालक पदाधिकारी, ग्रामीण विकास पदाधिकारी, राजस्व पदाधिकारी, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, निरीक्षक, प्रखंड अनुसूचित जाति एवं जनजाति पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी और प्रखंड अल्पसंख्यक पदाधिकारी के पदों पर की जाएंगी।
बीपीएससी 70वीं सीसीईटी चयन प्रक्रिया के कई चरण होंगे। पहला चरण प्रारंभिक परीक्षा और दूसरा चरण मुख्य परीक्षा का होगा। बीपीएससी सीसीई प्रारंभिक परीक्षा 17 नवंबर 2024 को आयोजित होने की उम्मीद है। प्रारंभिक परीक्षा में उत्तीर्ण रहे उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा।
बीपीएससी 70वीं सीसीई 2024 के लिए आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र पद के अनुसार 20,21 या 22 वर्ष (पदानुसार) होनी चाहिए। वहीं पुरुष उम्मीदवारों की अधिकतम उम्र 37 वर्ष और महिला उम्मीदवारों की अधिकतम उम्र 40 वर्ष होनी चाहिए। मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से बैचलर की डिग्री रखने वाले उम्मीदवार ही परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं।
बीपीएससी 70वीं सीसीईटी प्रारंभिक परीक्षा में सामान्य अध्ययन से प्रश्न होंगे। सभी प्रश्न वस्तुनिष्ठ प्रकार के होंगे। परीक्षा की अवधि 2 घंटे होगी। यह परीक्षा कुल 150 अंकों की होगी। प्रारंभिक परीक्षा में गलत उत्तरों के लिए नेगेटिव मार्किंग होगी। प्रत्येक गलत उत्तर के लिए एक तिहाई अंक काट लिए जाएंगे। वहीं बीपीएससी 70वीं सीसीई मुख्य परीक्षा पैटर्न में अनिवार्य विषय और वैकल्पिक विषय शामिल हैं। मुख्य परीक्षा कुल 1000 अंकों की होगी।




Add comment