Edinbox Hindi

बजट में घोषित पीएम इंटर्नशिप पोर्टल लॉन्च, 1.25 लाख युवाओं का होगा चयन

केंद्रीय बजट में घोषित प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत सरकार ने गुरुवार को एक केंद्रीकृत  इंटर्नशिप पोर्टल लॉन्च किया, जिससे कंपनियां आवेदन आमंत्रित कर सकेंगी। इच्छुक इंटर्न इस पोर्टल पर 12 अक्तूबर से आवेदन कर सकेंगे। यानी उम्मीदवार सीधे इंटर्नशिप के अवसरों के संपर्क में रह सकेंगे। इंटर्नशिप कार्यक्रम युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने के अवसर प्रदान करेगा। 

इसे कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय (MCA) द्वारा विकसित एक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से लागू किया जाएगा, जिसे pminternship.mca.gov.in. पर एक्सेस किया जा सकता है। छात्रों को इसी पर जाकर खुद को पंजीकृत करना होगा। इस पायलट प्रोजेक्ट को इंटर्न से भारी प्रतिक्रिया मिली है और सुबह तक महिंद्रा एंड महिंद्रा, मैक्स लाइफ और एलेम्बिक फार्मा जैसी कंपनियों द्वारा इंटर्नशिप के 1077 ऑफर तैयार थे।

इस योजना के तहत चुने गए सभी आवेदकों को भारत सरकार की ओर से मासिक वजीफा और वित्तीय सहायता मिलेगी। इस योजना का लक्ष्य 1 करोड़ से ज्यादा छात्रों को लाभ पहुंचाना है। इस योजना के तहत छात्रों को भारत की शीर्ष 500 कंपनियों में 12 माह, यानी एक वर्षीय इंटर्नशिप का अवसर दिया जाएगा। इस कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूली शिक्षा पूरी कर चुके सभी छात्र इंटर्नशिप के लिए पात्र होंगे।

इंटर्नशिप की अवधि 12 महीने होगी। इंटर्नशिप अवधि का कम से कम आधा हिस्सा वास्तविक कार्य अनुभव/नौकरी के माहौल में व्यतीत किया जाना चाहिए, न कि कक्षा में। इस योजना के तहत 21 से 24 वर्ष की आयु (आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि तक) के उम्मीदवार ही आवेदन करने के पात्र हैं। भारतीय राष्ट्रीयता से संबंधित, जो पूर्णकालिक रूप से कार्यरत नहीं हैं और पूर्णकालिक शिक्षा में शामिल नहीं हैं। ऑनलाइन/दूरस्थ शिक्षा कार्यक्रमों में नामांकित उम्मीदवार आवेदन करने के पात्र हैं।

शैक्षणिक योग्यताएं हाई स्कूल या हायर सेकेंडरी स्कूल पास करने वाले, आईटीआई से प्रमाण पत्र रखने वाले, पॉलिटेक्निक संस्थान से डिप्लोमा रखने वाले या बीए, बीएससी, बीकॉम, बीसीए, बीबीए, बी.फार्मा आदि जैसी डिग्री वाले स्नातक उम्मीदवार पात्र हैं।

सरकार इंटर्न को 4,500 रुपये प्रति माह का वजीफा देगी; फर्म अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) फंड से 500 रुपये का अतिरिक्त योगदान देंगी। इसका अर्थ है कि उम्मीदवार को इंटर्नशिप लगने के बाद 5000 रुपये मासिक वजीफा दिया जाएगा। इंटर्नशिप लगते ही आवेदकों को मासिक वजीफे के अलावा 6000 रुपये की एकमुश्त वित्तीय सहायता मिलेगी। इंटर्नशिप कार्यक्रम के लिए आवेदकों की सूची बनाने के लिए एक बैकएंड बॉट का उपयोग किया जाएगा, और फिर भाग लेने वाले संगठन व्यक्तियों का मूल्यांकन और चयन करेंगे।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed