Edinbox Hindi

IIT कानपुर ने तैयार किया डिवाइस, 1 मिनट में चल जाएगा मुंह के कैंसर का पता

IIT कानपुर ने एक ऐसा एडवांस्ड डिवाइस तैयार किया है जो मुंह के कैंसर का मिनटों में पता लगा सकता है। साथ ही कैंसर की स्टेज की सटीक डिटेल्स भी बता सकता है।  यह कैंसर का पता लगाने के क्षेत्र में एक बड़ी सफलता है और संभावित रूप से कैंसर के उपचार में क्रांतिकारी बदलाव ला सकती है। यह उपकरण दिसंबर तक मार्केट में आ जाएगा।

आईआईटी ने इस तकनीक का हस्तांतरण Scan Genie Company को किया है, जो ब्रशनुमा उपकरण तैयार करेगी। इसको केमिकल इंजीनियरिंग विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक प्रो. जयंत कुमार सिंह व उनकी टीम ने विकसित किया है। यह एक पोर्टेबल उपकरण है। यह डिवाइस मुंह के अंदर की तस्वीर लेगा और फिर उसका विश्लेषण कर 1 मिनट में अपनी रिपोर्ट देगा। यह डिवाइस मुंह में कैंसर का शुरुआती स्टेज में ही आसानी से पता लगा लेगा। 

प्रो. जयंत कुमार सिंह और उनकी टीम को इस डिवाइस को बनाने में 6 साल लगे। उन्होंने बताया कि इस डिवाइस को छोटे बैग में रखकर कहीं भी ले जा सकते हैं। प्रो. जयंत कुमार सिंह ने बताया कि यह डिवाइस टूथब्रश के आकार का है। इसमें हाई क्वालिटी का कैमरा और एलईडी लगी है। इसे हम अपने स्मार्टफोन, टैबलेट या आईपैड से कनेक्ट कर सकते हैं। मुंह के अंदर की फोटो लेने के बाद कैमरा आपके मोबाइल पर सारी रिपोर्ट दे देगा। डिवाइस पावर बैकअप के साथ ट्रैकिंग के लिए हेल्थ हिस्ट्री कलेक्ट करती है। यह डिवाइस 90 फीसदी सटीकता के साथ जांच करता है और इसके इस्तेमाल किसी तरह का दर्द नहीं होता। 

आईआईटी कानपुर ने शहर के करीब 3000 लोगों पर इस उपकरण का परीक्षण भी किया है। इसमें फैक्टरी में काम करने वाले मजदूरों से लेकर स्कूलों, अस्पतालों, संस्थानों के लोगों को भी शामिल किया गया है। प्रो. जयंत ने बताया कि मुंह का कैंसर अगर शुरुआती चरण में ही पता चल जाए तो इसे काफी हद तक रोका जा सकता है। ज्यादातर लोगों को दूसरे या तीसरे चरण में ही इसका पता चल पाता है।

प्रो. जयंत ने बताया कि इस डिवाइस की कीमत डेढ़ से दो लाख रुपये के बीच होगी।  हालांकि, इसे अभी बाजार में उतारा नहीं गया है। इसमें इस्तेमाल होने वाले गैजेट दूसरे देश से खरीदने पड़ते हैं, इसलिए कीमत थोड़ी ज्यादा है। इस एक डिवाइस से पांच लाख मरीजों की जांच की जा सकती है और एक दिन में करीब 300 मरीजों की जांच हो सकती है। प्रो. जयंत ने बताया कि दिसंबर तक यह मार्केट में उपलब्ध होगी।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed