Edinbox Hindi

बिहार के नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय को UGC ने दी मान्यता, 15 अक्टूबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया 

बिहार के नालंदा खुला विश्वविद्यालय (NOU) को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने दो साल बाद नामांकन की अनुमति प्रदान कर दी है। यूनिवर्सिटी यूजी और पीजी के 50 कोर्स में एडमिशन ले सकती है। यानी एक लम्बे अंतराल के बाद अब एक बार फिर विश्वविद्यालय में नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय कुमार ने बताया कि दुर्गा पूजा के बाद 15 अक्टूबर से नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। 

कुलपति ने बताया कि यूजीसी से नामांकन की मंजूरी के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। दो वर्षों के बाद मंगलवार को मंजूरी का पत्र प्राप्त हुआ। यहां बिहार के गरीब छात्र-छात्राओं का कम राशि में नामांकन होता रहा है। इस विश्वविद्यालय से लोगों को काफी उम्मीदें थी। इसका सत्र भी नियमित है। यूजीसी के डिस्टेंस एजुकेशन ब्यूरो ने नामांकन की अनुमति दे दी है। 

उन्होंने बताया कि पिछले एक साल से यूनिवर्सिटी में जीरो सेशन लागू था। कोई भी नामांकन नहीं हो रहा था क्योंकि यूनिवर्सिटी के पास नैक की मान्यता नहीं थी।  हालांकि, जनवरी 2024 में यूनिवर्सिटी को नैक से सी ग्रेड प्राप्त हुआ था। इसके बाद से ही नामांकन शुरू करने को लेकर लगातार यूजीसी को पत्र भेजा जा रहा था। अब जाकर UGC ने नामांकन की अनुमति प्रदान कर दी है। 

नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी इस बार कुल 59 प्रोग्राम में एडमिशन लेगा। इसमें यूजी स्तर के 20 विषयों में चार साल का स्नातक होगा। वहीं, पीजी में 30 विषय में नामांकन की अनुमति मिली है। पीजी स्तर के 30 कोर्स में से 19 साइंस स्ट्रीम के हैं। 

विश्वविद्यालय के कुलपति ने बताया कि लगभग सभी कोर्सों में नामांकन के लिए मंजूरी मिली है। नामांकन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से किया जाएगा।पटना में भी ऑफलाइन आवेदन के लिए कुछ सेंटर खोलने पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए जल्द निर्णय लिया जाएगा। पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कॉलेजों में प्राचार्यों से बातचीत के बाद इसपर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। विश्वविद्यालय के तमाम नोडल केन्द्रों पर भी नामांकन होगा।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed