
राजस्थान में जयपुर शहर के करतारपुर स्थित सरकारी विद्यालय में एक महिला टीचर द्वारा बच्चों से पैर दबवाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल होने के बाद राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने फिलहाल कार्रवाई करते हुए महिला टीचर को एपीओ कर दिया है। शिक्षा मंत्री ने कहा है कि विद्या के मंदिर में इस तरह की हरकत को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। पूरे मामले की जांच जयपुर के शिक्षा अधिकारियों से करवाई जा रही है।
वीडियो जयपुर के करतारपुर स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय का बताया जा रहा है। वीडियो में महिला टीचर जमीन पर दरी बिछाकर उल्टी लेटी नजर आ रही है। वहीं, स्कूल के बच्चे महिला टीचर के पैर दबाते दिख रहे हैं। वीडियो इस स्कूल की चौथी क्लास का बताया जा रहा है। हालांकि, अभी यह खुलासा नहीं हुआ है कि यह वीडियो कब का है और किसने इसे सोशल मीडिया पर डाला। फिलहाल, करतारपुर की महिला टीचर को एपीओ कर दिया है। यह आदेश निदेशक प्रारंभिक शिक्षा सीताराम जाट ने जारी किए हैं। साथ ही शिक्षिका को मुख्यालय बीकानेर में हाजिर होने को कहा गया है।
बताया गया है कि यह वीडियो स्कूल के दूसरे शिक्षक ने बनाया है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का कहना है कि वीडियो उन तक पहुंचा था। शिक्षिका का आचरण उचित नहीं लगा तो इस संबंध में जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रारंभिक तौर पर शिक्षिका को एपीओ किया गया है। साथ ही अन्य शिक्षकों को भी हिदायत दी है कि इस तरह का कृत्य न करें। स्कूल में शिक्षा और बच्चों के सर्वांगीण विकास संबंधित कार्यों पर ज्यादा फोकस रखें।
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय करतारपुरा की प्रिंसिपल अनु चौधरी का कहना है कि बुधवार को ही यह वीडियो उनकी संज्ञान में आया है। अब वे स्कूल में संबंधित शिक्षिका और छात्रों से अलग अलग बात करके पूरी घटना की जानकारी लेंगी। पूरे मामले की जानकारी लेने के बाद आगे की कार्रवाई करेंगी। प्रिंसिपल ने कहा कि किसी भी शिक्षिका द्वारा इस तरह की हरकत करना निंदनीय है। इस तरह की घटनाएं स्कूलों में कतई नहीं होनी चाहिए।




Add comment